Dhruv Rathee News: यूट्यूबर ध्रुव राठी ने रविवार को दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में राठी ने बताया कि सादे कपड़ों में कुछ लोगों ने उनका अपहरण कर लिया था। मुझे एक अपराधी की तरह घर से घसीट कर बाहर निकाला गया।
ध्रुव राठी ने वीडियो जारी कर कहा, “सबसे पहले तो मैं एक चीज साफ करना चाहूंगा कि मेरा पासपोर्ट, मैं एक भारतीय नागरिक हूं और रहूंगा। मेरे पास उतने ही अधिकार है जितने एक आम आदमी के पास होते हैं। 10 अक्टूबर की सुबह सात बजे मैं अपने बेडरूम में सो रहा था और मेरी मम्मी ने दरवाजा खोला तो सादा कपड़ों में लोग घूम रहे थे। एक दम से 20 लोग उन्हें धक्का मारकर घर में घूसते हैं और वो चीखती हैं, एकदम से ये सीधा घर के अंदर आते हैं और सीधा घर के अंदर फैल जाते हैं। जैसे ही मेरे बेडरूम का दरवाजा खुला तो मैं देखता हूं कि एकदम से इतने सारे लोग कैसे आ गए। इससे पहले की मैं कुछ रिएक्ट कर पाता तो ये लोग मुझे किडनैप करके ले जाते हैं।”
मेरा अपहरण किया गया- ध्रुव राठी
ध्रुव राठी ने आगे दावा किया, “ये कोई हिरासत या गिरफ्तारी नहीं है, हिरासत तो तब होती जब मैं प्रदर्शन में जाता। अरेस्ट तब होता जब कुछ पुलिसवाले वर्दी में आते, मुझे नेमप्लेट दिखाते। आप पुलिस स्टेशन चलो, मैं खुशी-खुशी जाता, लेकिन इनमें से कुछ भी नहीं हुआ। इन लोगों ने मुझे गुंडे भेजकर किडनैप किया है। मेरे घर में उस वक्त कोई भी नहीं था मेरी मम्मी और पापा थे। यहां बाहर 50 से ज्यादा लोग खड़े हुए थे। जब ये अंदर आए तो मैंने पूछा कि आप कौन हो, कुछ भी बोलने का मौका नहीं दिया, मुझे सीधा घसीटकर लेकर गए। मुझे काफी चोट भी लगी है और उसके बाद मुझे चप्पल तक पहनने का मौका भी नहीं दिया। अपनी जीप में मुझे भगाकर लेकर गए, कभी एक पुलिस स्टेशन तो कभी दूसरे पुलिस स्टेशन।”
इन लोगों ने मेरा फोन छीन लिया- ध्रुव राठी
ध्रुव राठी ने कहा, “मेरा फोन इन लोगों ने छीन लिया और उसके बाद जब मैं पुलिस स्टेशन पहुंचा हूं तो मैंने कहा कि मुझे मेरे वकीलों से मिलने दो। इन्होंने कहा कि किसी भी वकील से मिलने नहीं देंगे। पूरे 22-23 घंटों तक इन्होंने मुझे बैठाकर रखा था। मैं आपसे एक सवाल पूछना चाहूंगा कि आपने किसी भी लोकतांत्रिक देश में ऐसा सुना है कि एक आम नागरिक जिसने कोई कानून ना तोड़ा हो, जिसने बस सच के लिए आवाज उठाई हो, उसके घर से उसको उठा लिया जाता है। उसके माता-पिता के साथ में हाथापाई की जाती है।”
सोनम वांगचुक को बोला थैंक्यू
यूट्यूबर ने सोनम वांगचुक को थैंक्यू बोला है। उन्होंने कहा, “मैंने बाद में सुना कि अभिजीत दीपके और बाकी लोगों को हिरासत में लिया गया। ऐसी चीजें नॉर्थ कोरिया में देखी जाती हैं। इन लोगों ने अभी तक मेरे पास कुल 15 लोग छोड़ रखे हैं। नरेंद्र मोदी से मैं कहना चाहूंगा कि किसी को इतना भी मत डराओ की सारा डर खत्म हो जाए। लोगों को तुम कितना दबाकर रखोगे। सोनम वांगचुक का बहुत-बहुत धन्यवाद क्योंकि उन्होंने भी सरकार को चेतावनी दी थी कि अगर हमें एक दिन में नहीं छोड़ गया तो वो भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।”
यह भी पढ़ें: कौन हैं ध्रुव राठी? ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन से पहले ही हिरासत में लिए गए यूट्यूबर
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ध्रुव राठी की भारी डिजिटल फैन फॉलोइंग है, जिसमें इंस्टाग्राम पर 19.2 मिलियन, एक्स पर 3.3 मिलियन और यूट्यूब पर 33 मिलियन सब्सक्राइबर शामिल हैं। इस बीच, सुरक्षा कारणों और प्रक्रियात्मक आवश्यकताओं का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस ने पहले ही इस प्रदर्शन के लिए अनुमति देने से इनकार कर दिया था। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
