West Bengal News: तृणमूल कांग्रेस सांसद और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने पार्टी के संकटपूर्ण दौर में अपनी नेता ममता बनर्जी के प्रति पूरी निष्ठा जताई है। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में मैं ममता बनर्जी के साथ था, साथ हूं और साथ रहूंगा। फिलहाल मेरा किसी और दिशा में जाने का कोई इरादा नहीं है।
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, “आपने अभिषेक बनर्जी की बात की और कहा कि उनकी वजह से बहुत सारे लोग बागी गुट में जा रहे हैं। बागियों के जाने के और भी बहुत सारे कारण हो सकते हैं। शायद कुछ लोग प्रलोभन की वजह से जा रहे हों और कुछ लोग डर व भय की वजह से जा रहे हों। कुछ लोग मजबूरी में भी जा रहे हैं, मुझे उनसे किसी तरह की कोई शिकायत नहीं है।
तृणमूल कांग्रेस में आपने अभिषेक बनर्जी का जिक्र किया, चाहे और लोगों का जिक्र किया, इनमें से कोई भी मेरा नेता नहीं है।”
मेरी नेता सिर्फ ममता बनर्जी हैं- शत्रुघ्न सिन्हा
अभिनेता ने आगे कहा, “ये सभी लोग हमारे सहयोगी रहे हैं और बहुत सारे मुझसे जूनियर हैं। इनमें से कोई भी मेरा नेता नहीं है, मेरा नेता सिर्फ एक हैं, वो सिर्फ ममता बनर्जी हैं। मैं उनके मामलों में कोई भी टीका-टिप्पणी नहीं कर सकता हूं। इतना जरूर कहना चाहूंगा कि जो लोग जिस भी वजह से बागी ग्रुप में गए हैं, उनको सोचना चाहिए कि शिकायतों का पिटारा लेकर जो भी आएं वो क्या यही घड़ी थी ममता बनर्जी के खिलाफ शिकायत करने की। कल तक तो यही लोग दीदी के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने की बात करते थे।”
अभी तो जख्मों पर मरहम लगाने की घड़ी थी- अभिनेता
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, “कुछ लोग तो ऐसे हैं सांसद या हैं ऐसी जो दावा करते थे कि जो दीदी की बिल्कुल कॉपी कैट थीं, उन्हीं की नकल करती थीं। उनके ऊपर दीदी समाई हुईं थीं। आज वही लोग दीदी के खिलाफ बात कर रहे हैं। अचानक क्या हो गया, अगर इनको शिकायत थी तो ये लोग पहले नहीं कह सकते थे। ये जो तथाकित हार जो हुई हैं, जनता में ममता बनर्जी की साख अभी भी है। अच्छी-अच्छी पार्टी के पास में 41 प्रतिशत वोट नहीं है। अभी तो जख्मों पर मरहम लगाने की घड़ी थी, अभी तो शिकायत करने की घड़ी नहीं थी, एकजुटता दिखाने की घड़ी थी। जख्मों को और कुरेद दिया गया है।”
फिलहाल मेरा कहीं जाने का कोई इरादा नहीं- टीएमसी सांसद
टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, “मैं किसी का नाम नहीं लूंगा। मैं लगभग 30 सालों से भारतीय जनता पार्टी में रहा हूं। मुझे पार्टी के बहुत वरिष्ठ नेताओं ने प्रशिक्षित किया है। अगर उन्होंने मेरे लिए कुछ कहा भी होगा, तो अच्छे इरादे से ही कहा होगा। लेकिन मेरे लिए सबसे अच्छा यही है कि मैं ममता बनर्जी के साथ रहूं।” उन्होंने आगे कहा, “मैं हमेशा ममता बनर्जी के साथ रहूंगा। अगर मैं अकेला भी रहूं, तो मैं बस ‘एकला चलो’ कहूंगा और उनके साथ रहूंगा, फिलहाल मेरा कहीं जाने का कोई इरादा नहीं है।”
यह भी पढे़ं: ‘सायोनी जैसे लोग पाला बदल लें तो किस पर भरोसा करेंगे?’, टीएमसी में बगावत पर छलका महुआ मोइत्रा का दर्द
टीएमसी में बगावत और टूट की चर्चाओं के बीच पार्टी की सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा है कि बीजेपी लोकसभा में बहुमत हासिल करने के लिए जोड़-तोड़ की राजनीति कर रही है। महुआ मोइत्रा ने द इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में कहा कि बीजेपी झूठ फैला रही है कि लोग टीएमसी से नाराज हैं। यहां क्लिक कर पढे़ं पूरी खबर…
