देश के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पिछले 12 महीनों में ऑपरेशन के दौरान CRPF के किसी भी जवान की मौत नहीं हुई है। सुरक्षा बल के इतिहास में 47 साल बाद ऐसा हुआ है।
CRPF के महानिदेशक (DG) जीपी सिंह ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि CRPF के जवान देश के अलग-अलग संवेदनशील इलाकों में लगातार बड़े स्तर पर ऑपरेशन में जुटे हुए हैं।
CRPF के इतिहास में यह एक बड़ी उपलब्धि
जीपी सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा कि CRPF के इतिहास में यह एक बड़ी उपलब्धि है। 30 अक्टूबर 2025 के बाद से अब तक लगातार 12 महीने यानी एक साल बीत चुके हैं और इस दौरान ऑपरेशन में किसी जवान की जान नहीं गई। इससे पहले जनवरी 1979 में ऐसा दौर देखने को मिला था। यानी 47 साल बाद बल ने यह रिकॉर्ड बनाया है।
ऑपरेशनल मौत (Operational Fatality) का मतलब है किसी जवान की ड्यूटी के दौरान किसी सुरक्षा अभियान या ऑपरेशन में जान जाना। स्पष्ट तौर पर समझें तो पिछले एक साल में किसी भी सुरक्षा अभियान या मुठभेड़ के दौरान CRPF के एक भी जवान की जान नहीं गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, 30 अक्टूबर 2025 तक साल 2025 में ऑपरेशन के दौरान CRPF के 9 जवान शहीद हुए थे।
1939 में हुई थी CRPF की स्थापना
करीब 3.25 लाख जवानों वाला CRPF देश में आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाला प्रमुख बल है। इसकी तैनाती मुख्य रूप से तीन बड़े क्षेत्रों में है। इनमें नक्सल विरोधी अभियान, जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियान और पूर्वोत्तर राज्यों में उग्रवाद विरोधी अभियान शामिल हैं।
CRPF की स्थापना साल 1939 में ब्रिटिश शासन के दौरान हुई थी। आजादी के बाद 1949 में इसका नाम बदलकर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) कर दिया गया। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अब तक CRPF के 2,270 जवान और अधिकारी देश की सुरक्षा में ड्यूटी निभाते हुए अपनी जान गंवा चुके हैं।
CRPF में तीन दशक पहले खत्म हुए लांस नायक और नायक पद होंगे बहाल
देश के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने लांस नायक और नायक के पदों को फिर से शुरू करने की योजना बनाई है। लगभग तीन दशक पहले इन दोनों पदों को क्रमशः कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल के पदों में मिला दिया गया था। सीआरपीएफ में गृह मंत्रालय के आदेश के माध्यम से 1997 में खत्म किए गए लांस नायक और नायक रैंक अभी भी सेना में कार्यरत हैं।
