Urban Company Workers Protest: नोएडा में अर्बन कंपनी (Urban Company) से जुड़ी महिला गिग वर्कर्स ने छह महीने विरोध प्रदर्शन किया था। उनकी मांग थी कि काम के घंटे निश्चित हों, आराम करने की जगह और बुनियादी सुविधाएं मिलें। छह महीने बाद क्या वाकई महिला गिग वर्कर्स के लिए हालात बदले हैं, इसे लेकर द इंडियन एक्सप्रेस ने कुछ महिलाओं से बात की है।
नोएडा के सेक्टर 25A में मोदी मॉल के पास एक धूल भरे फुटपाथ पर गिग वर्कर पिंकी देवी (बदला हुआ नाम) बैठी हैं। 26 साल की पिंकी सुबह-सुबह 45 मिनट की एक बुकिंग के दौरान कपड़े धो चुकी हैं, बर्तन साफ कर चुकी हैं और एक घर की साफ-सफाई भी कर चुकी हैं।
17 मिनट के ब्रेक के बाद पिंकी देवी को सड़क के उस पार एक और घर जाना है।
पार्क में बैठने नहीं देते गार्ड्स
इस दौरान सड़क पर गाड़ियां तेजी से गुजर रही हैं। पिंकी ने काले बैग में अपना टिफिन रखा है और अपनी वह उन दोस्तों का इंतजार कर रही हैं, जो खुद भी गिग वर्कर हैं। वे सब आज की अपनी बुकिंग का शेड्यूल मिलने का इंतजार कर रही हैं। ब्रेक के दौरान ये महिला गिग वर्कर्स अक्सर पार्कों में एक साथ बैठती हैं, अगर वे अकेले बैठेंगी तो पार्क के गार्ड उन्हें वहां बैठने से रोक सकते हैं।
पिंकी अपने फोन की टूटी हुई स्क्रीन पर टाइम देखते हुए कहती हैं, “हम ब्रेक के दौरान पार्क में एक साथ बैठकर खाना खाते हैं। अगर मैं वहां अकेले बैठकर खाना खाऊं, तो वे (गार्ड) मुझे बैठने नहीं देंगे।”
मजदूरों ने किया था विरोध प्रदर्शन
15 अप्रैल को नोएडा में मजदूरों ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया था। विरोध प्रदर्शन के बीच, पिंकी और अर्बन कंपनी की लगभग 40 गिग वर्कर्स सड़कों पर उतर आई थीं। उन्होंने कंपनी की यूनिफॉर्म पहनकर ही 10 सूत्रीय मांगों (जिसमें काम के निश्चित घंटे और आराम करने की जगह जैसी मांगें शामिल थीं) को लेकर मार्च निकाला था। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। इनमें से कुछ महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए अपने पतियों से झूठ भी बोला था।
इस प्रदर्शन के छह महीने बीत गए हैं। इन छह महीनों में इन महिलाओं के लिए कुछ बदलाव तो आए हैं लेकिन ये बदलाव उन औद्योगिक मजदूरों को मिले फायदों से अलग हैं, जिनकी तनख्वाह या मजदूरी उस विरोध प्रदर्शन के बाद बढ़ गई थी।
महीने में 4 दिन की छुट्टी मिली
महिला गिग वर्कर्स के मुताबिक, कंपनी ने अब उन इलाकों को सीमित कर दिया है, जहां से उन्हें काम की बुकिंग मिलती है। इसके अलावा, महीने में 4 दिन की छुट्टी और मेडिकल इंश्योरेंस की सुविधा भी दी गई है लेकिन वॉशरूम और आराम करने की जगह न होना अब भी एक बड़ी समस्या है। इस वजह से कुछ महिलाओं को तो काम ही छोड़ना पड़ गया है।
द इंडियन एक्सप्रेस की ओर से अर्बन कंपनी को इस बारे में कुछ सवाल भेजे गए थे जिसके जवाब अब तक नहीं मिले हैं।
आराम करने की कोई जगह नहीं
अप्रैल में हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान रखी गई 10 मांगों में से एक बड़ी मांग पीने के पानी और वॉशरूम की सुविधा से जुड़ी थी। महिला कर्मचारियों ने इस मांग को बोल्ड (मोटे अक्षरों) में लिखा था। पिंकी देवी कहती हैं, “हमें अभी भी पीने के लिए पानी नहीं मिलता है। हम अपना पानी साथ लेकर चलते हैं, ताकि हमें हर बार कस्टमर से न मांगना पड़े। कुछ ग्राहक खुद पानी दे देते हैं जबकि कुछ देने में हिचकिचाते हैं।”
सुषमा (बदला हुआ नाम) पहले अर्बन कंपनी के साथ काम करती थीं लेकिन हाल ही में वेलनेस और स्पा सर्विस देने वाले एक दूसरे प्लेटफॉर्म से जुड़ गईं। सुषमा 15 अप्रैल के विरोध प्रदर्शन में शामिल नहीं थीं। सुषमा कहती हैं कि महिला गिग वर्कर्स पहले भी अपने मुद्दे उठा चुकी हैं।
विरोध प्रदर्शन के बाद भी हालात नहीं बदले
सुषमा कहती हैं, “पिछले साल फरवरी में मैंने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया था… तब हम सैकड़ों महिलाएं वहां मौजूद थीं।” सुषमा कहती हैं कि पिछले साल के इस विरोध प्रदर्शन के बाद भी हालात नहीं बदले जबकि उन्हें उम्मीद थी कि अप्रैल के प्रदर्शन के बाद कुछ बदलाव आएगा।
सुषमा ने जुलाई में अर्बन कंपनी छोड़ दी थी क्योंकि वहां काम करना मुश्किल हो गया था। वह बताती हैं, “मैं लगातार चार घंटे तक पेशाब नहीं जा पाई। सुबह घर से निकलने के बाद से ही मुझे पेशाब रोककर रखनी पड़ी क्योंकि मेरे पास लगातार बुकिंग्स थीं। दूसरे घर में काम करते समय मैं इसे और नहीं रोक पाई और घर की मालकिन से पूछा कि वॉशरूम कहां है।”
कम रेटिंग देने का था डर
सुषमा बताती हैं कि मालकिन पहले तो उन्हें अपना वॉशरूम इस्तेमाल करने देने में हिचकिचाईं लेकिन बाद में उन्होंने हॉल वाला वॉशरूम इस्तेमाल करने को कहा। सुषमा कहती हैं, “मुझे डर था कि कहीं वह मुझे कम रेटिंग न दे दें और फीडबैक में यह न लिख दें कि मैंने उनका वॉशरूम इस्तेमाल किया। मुझे पता था कि मैं इस तरह काम नहीं कर सकती।”
सुषमा बताती हैं कि अगली बुकिंग पर जाने से पहले जब महिलाओं के पास केवल कुछ ही मिनट होते थ तो कई बार उन्हें झाड़ियों के पास ही पेशाब करने के लिए मजबूर होना पड़ता था।
बुकिंग्स के बीच आराम करने के लिए जगह न होना भी एक बड़ी समस्या है। सुषमा बताती हैं कि सर्दियों में वे लकड़ी जलाकर आग सेक लेती थीं लेकिन गर्मियों में बाहर बैठकर समय बिताना बहुत मुश्किल हो जाता है।
सरकार से रेस्ट एरिया बनाने की मांग
सुषमा ने बताया, “कम से कम सरकार आराम करने की जगह (रेस्ट एरिया) तो बना सकती है, जहां हम अगली बुकिंग मिलने तक इंतजार कर सकें। गर्मियों में सरकार कहती है कि दोपहर की तेज धूप में बाहर न निकलें लेकिन कंपनी कहती है कि अगर आप काम पर जाएंगी तो आपको 50-100 रुपये एक्स्ट्रा मिलेंगे। मैं अक्सर उन एक्स्ट्रा पैसों को चुनती थी।”
आप हमारी परेशानी कैसे समझेंगे?
महिलाओं ने एक मीटिंग के दौरान कंपनी को समझाने की कोशिश की थी कि एक बुकिंग से दूसरी बुकिंग तक जाना कितना मुश्किल होता है। बिहार की रहने वालीं 38 वर्षीय रिया (बदला हुआ नाम) कहती हैं, “हमने उनसे (कंपनी के लोगों से) कहा कि आप तो एसी केबिन में बैठते हैं, आप हमारी परेशानी कैसे समझेंगे?”
रिया उन लोगों में शामिल थीं जिन्होंने 15 अप्रैल के विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। रिया ने अपने पति को नहीं बताया कि वह इस प्रदर्शन में जा रही हैं क्योंकि उन्हें डर था कि महिलाओं को हिरासत में लिए जाने के बाद उनके पति क्या कहेंगे?
रिया कहती हैं, “मेरे पति को पता है कि मैं क्या काम करती हूं लेकिन मैंने उन्हें अभी भी नहीं बताया है क्योंकि वह मुझ पर नाराज होंगे, खासकर यह जानकर कि कई महिलाओं को जेल में डाल दिया गया था।” रिया के पति गांव में हैं जबकि वह नोएडा में अपने दो बच्चों के साथ सेक्टर 34 के एक किराए के कमरे में रहती हैं।
महिला कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें कुछ फायदे भी मिले हैं। रिया बताती हैं कि कंपनी कोई ट्रैवल अलाउंस (आने-जाने का भत्ता) तो नहीं देती लेकिन उसने उन इलाकों को सीमित कर दिया है, जहां से उन्हें बुकिंग मिलती है।
पहले उन्हें चार-पांच अलग-अलग इलाकों से बुकिंग मिल जाती थी। अब, उन्हें अक्सर एक ही इलाके में कई बुकिंग मिल जाती हैं, जिससे घरों के बीच लंबी दूरी नहीं तय करनी पड़ती।
वरना हमारे लिए आवाज कौन उठाता?
रिया कहती हैं, “एक आवाज उठाई तो हमें इतना फायदा हुआ कि अब एक जगह से दूसरी जगह दूर तक भागना नहीं पड़ता। वरना हमारे लिए आवाज कौन उठाता?” रिया बताती हैं कि अब कंपनी कर्मचारियों को महीने में चार दिन की छुट्टी देती है। पहले, छुट्टी लेने पर उनकी सैलरी काट ली जाती थी। वह कहती हैं, “जब से हमने आवाज उठाई है, हमें छुट्टियां मिलने लगी हैं, और मेडिकल इंश्योरेंस भी।”
रिया आगे बताती हैं कि कुछ सुपरवाइजरों ने अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में बात की है और वहां के गार्ड्स से कहा है कि वे महिला कर्मचारियों को सोसायटियों के अंदर बैठने दें, भले ही उनके पास कोई बुकिंग न हो। वह कहती हैं, “पहले गार्ड हमें अंदर नहीं आने देते थे। अब वे हमेशा ऐसा नहीं करते लेकिन ऐसा होने पर हम अपने सुपरवाइजर को फोन करते हैं।”
रिया कहती हैं, “सभी प्रदर्शनकारियों को रिहा कर दिया गया है। हर कोई अपनी आवाज उठाता है, हमें भी ऐसा करने का अधिकार है।”
यह भी पढ़ें- नोएडा में प्रदर्शन के बाद पुलिस ने मजदूरों पर कसा शिकंजा
अप्रैल के महीने में वेतन में बढ़ोतरी की मांग को लेकर निजी कंपनियों के कर्मचारी या फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों ने नोएडा में एक सप्ताह तक प्रदर्शन किया था। नोएडा के फैक्ट्री मजदूरों को पुलिस कार्रवाई के मामले में कोई राहत नहीं दी गई। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
