Makhanlal Sarkar News: पश्चिम बंगाल में भाजपा की नई सरकार के गठन के समय 98 साल के माखनलाल सरकार चर्चा में रहे। वे पार्टी के सबसे पुराने कार्यकर्ताओं में से एक हैं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका खास सम्मान किया। अब माखनलाल सरकार ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “मोदी जी ने मेरे पैर छूने के बाद मुझे एक शॉल दी, गले लगाया।”
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में माखनलाल सरकार ने कहा, “नरेंद्र मोदी ने हम को सुना, उन्होंने मुझे सम्मान दिया है और मेरे काम को पहचान दी है। ये हमारी संस्कृति है, ज्यादा उम्र के आदमी को प्रणाम करना।” उन्होंने आगे कहा, “मेरा सपना जो था वो यह था कि एक निशान, एक विधान और एक प्रधान था वो तो पूरा कर दिया।”
माखनलाल सरकार ने की ये मांग?
माखनलाल सरकार ने कहा, “अब रही बंगाल की बात तो मेरी मांग है कि बंगाल पीछे न रह जाए। नए मंत्रियों के आने से स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में विकास में तेजी आनी चाहिए। मेरी यही मांग है कि कोई भी काम के लिए बंगाल से पलायन न करे। बंगाल के मुख्यमंत्री ने भी मुझे प्रणाम किया।”
माखन लाल सरकार कौन हैं?
माखनलाल सरकार पश्चिम बंगाल में भाजपा के सबसे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में से एक हैं। 1952 में कश्मीर में भारतीय तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ मौजूद माखनलाल सरकार को वहां गिरफ्तार कर लिया गया था। 1980 में भारतीय जनता पार्टी के गठन के बाद, वे पश्चिम दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जिलों के संगठनात्मक समन्वयक बने। महज एक साल के अंदर उन्होंने लगभग 10000 सदस्यों को नामांकित करने में मदद की।
आईएएनएस के अनुसार, 1981 से उन्होंने सात सालों तक जिला अध्यक्ष के रूप में काम किया। यह उस समय एक असाधारण उपलब्धि थी जब भाजपा नेता आमतौर पर दो साल से अधिक समय तक एक ही संगठनात्मक पद पर नहीं रह पाते थे। 98 साल की उम्र में भी वह स्वतंत्रताोत्तर भारत में राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़े शुरुआती जमीनी स्तर के व्यक्तियों में से एक बने हुए हैं। पढ़ें पूरी खबर…
