Sunetra Pawar Takes Charge As Maharashtra Deputy CM: NCP नेता अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन गईं। सुनेत्रा पवार ने मंगलवार को उपमुख्यंत्री का पदभार संभाला। पदभार संभालने के बाद सुनेत्रा पवार ने एक भावुक पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने कहा कि अजित दादा की जगह कोई भी नहीं ले सकता है।
अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “आज, जब मैं महाराष्ट्र के डिप्टी चीफ मिनिस्टर की जिम्मेदारी ले रही हूं, तो मुझमें भरोसे, फर्ज और त्याग की भावना भी है। माननीय अजित दादा ने महाराष्ट्र के लोगों के विकास के लिए जो जिंदगी भर समर्पण दिखाया है, वही मेरे लिए रास्ता दिखाता है।”
आम लोगों की उम्मीदों के साथ न्याय करूंगी- डिप्टी सीएम
सुनेत्रा पवार ने पोस्ट में आगे लिखा, “दादा के काम करने के तरीके, उनके फैसले लेने की क्षमता और लोगों के साथ उनके गहरे रिश्ते से ताकत लेते हुए मैं इस रास्ते पर आगे बढ़ूंगी। मेरी सबसे पहली प्राथमिकता उनके अधूरे सपनों को पूरा करना और किसानों, महिलाओं, युवाओं और आम लोगों की उम्मीदों के साथ न्याय करना होगा।”
दादा की जगह कोई नहीं ले सकता- सुनेत्रा
डिप्टी सीएम ने लिखा, “दादा की जगह कोई नहीं ले सकता, लेकिन मैं उनके आदर्शों की विरासत को बनाए रखने और एक ज्यादा काबिल महाराष्ट्र बनाने की ईमानदारी से कोशिश जरूर करूंगी। इस मुश्किल समय में, लोगों ने मुझे जो प्यार, सपोर्ट और भरोसा दिया है, वही मेरी असली ताकत है। आज, उनकी याद में, मैं एक पक्का वादा करती हूं कि मैं महाराष्ट्र की भलाई के लिए पूरी वफादारी और लगन से काम करती रहूंगी।”
सुनेत्रा काकी को अजित दादा की कुर्सी पर बैठे देखकर बहुत खुश- रोहित पवार
सुनेत्रा पवार के पदभार संभालने के बाद शरद पवार की पार्टी के नेता रोहित पवार ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। रोहित पवार ने अपनी पोस्ट में कहा, “सुनेत्रा काकी को उसी कुर्सी पर देखकर, जिस पर अजित दादा बैठकर आम आदमी के साथ इंसाफ करते थे, आज मेरे दिल में खुशी और दुख दोनों का मिला-जुला एहसास हो रहा है। मुझे बहुत दुख है कि आज अजित दादा इस कुर्सी पर नहीं हैं, लेकिन मुझे खुशी भी है कि सुनेत्रा काकी हैं।”
रोहित पवार ने कहा, “अजित दादा की कमी कभी पूरी नहीं हो सकती, लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि सुनेत्रा काकी, शिव-फुले-शाहू-अंबेडकर के अजित दादा के विचारों के हिसाब से काम करते हुए, आम आदमी और उसके विकास को ध्यान में रखकर काम करेंगी। मैं उन्हें इसके लिए शुभकामनाएं देता हूं! साथ ही, डिप्टी चीफ मिनिस्टर के पद के साथ-साथ उन्हें जल्द ही पार्टी की नेशनल प्रेसिडेंट का पद भी संभालना चाहिए। हालांकि कुछ नेता ऐसा नहीं चाहते, लेकिन यह पूरे राज्य के लाखों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उम्मीद है, इसलिए मुझे पूरा भरोसा है कि वह इसे भी पूरा करेंगी।”
बता दें कि सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र विधानसभा के किसी भी सदन की सदस्य नहीं हैं। फिर भी, मुंबई में हुई एक बैठक में उन्हें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक दल का नेता चुना गया। क्या कोई व्यक्ति विधानसभा सदस्य हुए बिना डिप्टी सीएम बन सकता है। आइए जानते हैं कि इस बारे में कानून क्या कहता है।
