गुरुवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर से मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राजधानी नई दिल्ली में फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के साथ बातचीत के बाद कहा कि हम इस बात से सहमत हैं कि किसी भी मुद्दे को केवल सैन्य संघर्ष से सुलझाया नहीं जा सकता।

न्यूज एजेंसी भाषा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पीएम नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया और यूक्रेन में जारी संघर्षों को ”शीघ्र समाप्त” करने का  आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी मुद्दे का समाधान सैन्य टकराव के माध्यम से नहीं किया जा सकता।

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ”भारत और फिनलैंड, दोनों ही कानून के शासन, संवाद और कूटनीति में विश्वास रखते हैं। हम इस बात पर सहमत हैं कि किसी भी मुद्दे का समाधान केवल सैन्य संघर्ष से नहीं किया जा सकता।” उन्होंने मीडिया में जारी बयान में कहा, ”चाहे यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, हम संघर्षों के शीघ्र अंत और शांति की दिशा में किए जा रहे हर प्रयास का समर्थन करना जारी रखेंगे।”

मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- प्रधानमंत्री ने राजनीतिक और नैतिक रूप से आत्मसमर्पण किया

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ईरान युद्ध से जुड़े घटनाक्रमों का हवाला देते हुए गुरुवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीतिक और नैतिक रूप से आत्मसर्मण कर दिया है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने X पर पोस्ट किया, ”मोदी सरकार का भारत के सामरिक और राष्ट्रीय हितों के प्रति लापरवाही भरा परित्याग सबके सामने है। एक ईरानी जहाज भारत का मेहमान था, हमारे द्वारा आयोजित इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू 2026 से निहत्थे लौट रहा था, लेकिन हिंद महासागर क्षेत्र में उस पर हमला कर दिया गया। चिंता या शोक का कोई बयान नहीं आया। प्रधानमंत्री मोदी मौन साधे हुए हैं।”

उन्होंने कहा, ”होर्मुज की खाड़ी में 1100 नाविकों के साथ 38 भारतीय ध्वज वाले वाणिज्यिक जहाज फंस गए हैं। कैप्टन आशीष कुमार समेत दो भारतीय नाविकों की कथित तौर पर मौत हो गई है। कोई समुद्री बचाव या राहत अभियान क्यों नहीं चलाया जा रहा है?”

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ”खाड़ी क्षेत्र के देशों में एक करोड़ भारतीय रहते हैं। मेडिकल छात्र मदद मांगने के लिए हताशा भरा वीडियो संदेश जारी कर रहे हैं।” उन्होंने सवाल किया, ”भारत सरकार उनकी भलाई कैसे सुरक्षित कर रही है? क्या प्रभावित क्षेत्रों से निकासी की कोई योजना है? ” 

यह भी पढ़ें: फिनलैंड के पीएम से मुलाकात के बाद क्या बोले पीएम नरेंद्र मोदी?

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और यूरोप के रिश्ते अब एक “गोल्डन एरा” में प्रवेश कर रहे हैं। दोनों के बीच सहयोग लगातार बढ़ रहा है, जो वैश्विक स्थिरता, विकास और साझा समृद्धि को नई ताकत देगा। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें