लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार (25 फरवरी 2026) को कोटद्वार के दीपक कुमार की जमकर सराहना की। दीपक कुमार ने एक मुस्लिम दुकानदार की रक्षा के लिए बजरंग दल के कुछ सदस्यों का सामना करते हुए खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताया था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा कि दीपक ने नफरत के खिलाफ डटकर खड़े होकर तिरंगे और संविधान की रक्षा की है।
राहुल ने कहा, ”करोड़ों भारतीयों के दिलों में सद्भाव और प्रेम की विचारधारा है, मगर मन मे भय भी है – दीपक ने उन सभी को अपने साहस से राह दिखाई है।”
कांग्रेस नेता ने आगे कहा, ”जो लोग नफ़रत फैलाकर समाज को डराने की कोशिश करते हैं, वो दरअसल कायर होते हैं – उनसे कभी भी डरो मत।” राहुल गांधी ने आगे लिखा, ”दीपक ने हमारे तिरंगे और संविधान की रक्षा की है। नफ़रत के सामने डटकर खड़ा हुआ, कमज़ोर की हिफ़ाज़त की – इससे बड़ी देशभक्ति नहीं होती।”
बता दें कि ‘मोहम्मद दीपक’ ने सोमवार (23 फरवरी 2026) को दिल्ली स्थित अपने आवास पर राहुल गांधी से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद दीपक ने कहा कि राहुल ने उन्हें आश्वस्त किया कि उन्होंने जो किया वह सही था और उन्हें डरने की जरूरत नहीं है।
दीपक ने मुलाकात के बाद कहा था, ”राहुल गांधी जी ने मुझे आज यहां बुलाया था। उन्होंने मेरी पत्नी और परिवार से बात की और भरोसा दिलाया कि मैंने जो किया वह अच्छा था और मुझे किसी तरह का डर नहीं रखना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वे कोटद्वार आएंगे और मेरे जिम की सदस्यता लेंगे।”
उन्होंने आगे कहा, ”आज (कोटद्वार में) स्थिति पहले से बेहतर है। राहुल जी ने मेरी मुलाकात सोनिया जी से भी करवाई। मेरा राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। यह जानकर अच्छा लगा कि किसी ने समझा कि मैंने इंसानियत के लिए आवाज उठाई।” जनवरी में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पटेल मार्ग स्थित ‘बाबा’ कपड़ा दुकान के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था और 70 वर्षीय मालिक वकील अहमद से दुकान का नाम बदलने की मांग की थी।
मुस्लिम दुकानदार की मदद को आगे आए दीपक से जब बजरंग दल के सदस्यों ने नाम पूछा तो उन्होंने ‘मोहम्मद दीपक’ बताया था। इस बहस का एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसके बाद से दीपक सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आ गए। इसके बाद 31 जनवरी को बजरंग दल के कई सदस्यों ने दीपक से बहस की। हालांकि पुलिस ने बीच बचाव किया।
बाद में दीपक ने दावा किया कि उनके जिम के कई मेंबर कम हो गए हैं। उन्होंने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि कोटद्वार में हल्क जिम, जो एक किराए की बिल्डिंग में चलता है और जिसमें कभी 150 मेंबर थे, अब वहां रोजाना सिर्फ 15 लोग आते हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें…
