मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और केरल जैसे 5 राज्यों के लोगों को कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट पर ही दिल्ली में एंट्री; बढ़ते मामलों को देख फैसला
इन पांच राज्यों के नोडल अफसरों से कहा गया है कि वह अपने यहां से दिल्ली जा रहे लोगों की 72 घंटे पुरानी निगेटिव RT-PCR रिपोर्ट देखने के बाद ही उन्हें दिल्ली आने की इजाजत दें।

देश के पांच राज्यों मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल, छत्तीसगढ़ और पंजाब में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने इन राज्यों से दिल्ली में आने वाले लोगों के लिए कोरोना निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य कर दिया है। दिल्ली आपदा प्रबंधन विभाग की तरफ से ये फैसला लिया गया है। नया नियम 26 फरवरी अर्थात शुक्रवार आधी रात से लागू हो जाएगा और 15 मार्च तक लागू रहेगा।
इन पांच राज्यों के नोडल अफसरों से कहा गया है कि वह अपने यहां से दिल्ली जा रहे लोगों की 72 घंटे पुरानी निगेटिव RT-PCR रिपोर्ट देखने के बाद ही उन्हें दिल्ली आने की इजाजत दें। बताते चलें कि यह नियम फ्लाइट, ट्रेन और बस से दिल्ली आने वाले यात्रियों पर लागू होंगे जबकि कार से दिल्ली आने वाले यात्री इसके अंतर्गत नहीं आएंगे। कोरोना की नई लहर को देखते हुए सरकार की तरफ से ये कदम उठाया गया है।
गौरतलब है कि पिछले एक हफ्ते में देश के कई राज्यों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। महाराष्ट्र के अमरावती और यवतमाल में प्रशासन की तरफ से लॉकडाउन भी लगाया गया है। महाराष्ट्र में वायरस के अलग वेरिएंट्स भी मिलने की खबर है। जिसे देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गयी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की चिंता इस बात को लेकर है कि इन राज्यों की वजह से दूसरे राज्यों में कहीं कोरोना के मामले बढ़ ना जाए। इसलिए अगले कुछ दिनों में रेलवे, हवाई और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को लेकर कई नए आदेश जारी किए जा सकते हैं।
बताते चलें कि दिल्ली में कोरोना संकमितों की कुल संख्या अबतक 6,38,028 हो गयी है। इनमें से 10,901 लोगों की मौत हो चुकी है। ताजा आंकड़ों के अनुसार राजधानी दिल्ली में एक्टिव मरीजों की संख्या लगभग एक हजार है। दिल्ली में अब तक 1.20 करोड़ सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।