करीब दो दशकों तक बिहार की सत्ता संभालने वाले नीतीश कुमार की सादगी भरी जीवनशैली अक्सर चर्चा में रहती है। हैरानी की बात यह है कि लंबे राजनीतिक करियर के बावजूद उनकी घोषित संपत्ति कई बड़े नेताओं की तुलना में काफी कम है। राज्यसभा चुनाव के लिए दाखिल लेटेस्ट एफिडेविट में उनकी कुल संपत्ति करीब 1.66 करोड़ रुपये के आसपास बताई गई है। बता दें कि इसमें उनकी चल-अचल दोनों संपत्तियां शामिल हैं। इसमें बैंक में जमा पैसे, थोड़ी-बहुत जमीन और जरूरी निजी संपत्ति शामिल है।
दाखिल हलफनामे के मुताबिक, राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने वाले सभी उम्मीदवारों में बिहार के सीएम की संपत्ति सबसे कम है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए उनकी सालाना इनकम 7.87 लाख रुपये बताई गई है। नीतीश कुमार की नेट वर्थ अक्सर चर्चा में रहती है। और उन्हें एक ऐसे नेता के तौर पर जाना जाता है जिसने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद अपेक्षाकृत कम संपत्ति अर्जित की है।
नीतीश कुमार की चल-अचल संपत्ति
लेटेस्ट एफिडेविट के मुताबिक, नीतीश कुमार के पास 1.66 करोड़ रुपये की कुल चल और अचल संपत्ति है। चल संपत्ति की बात करें तो इसकी वैल्यू 17.91 लाख रुपये हैं। उन्होंने अपने पास कुल 20552 रुपये नकद होने की जानकारी दी है। बिहार सीएम के पास सोने-चांदी की एक अंगूठी है। सोने की अंगूठी का वज़न करीब 20 ग्राम है और इसकी कीमत करीब 2.37 लाख रुपये है।
नीतीश कुमार के पास एक ईकोस्पोर्ट्स कार है जिसे उन्होंने 2015 में 11.32 लाख रुपये में खरीदा था। वहीं दिल्ली के द्वारका में कोऑपरेटिव का एक फ्लैट है जिसे उन्होंने साल 2004 में करीब 13.78 लाख रुपये में खरीदा था। यह फ्लैट करीह 1000 वग फीट में फैला है और मौजूदा वैल्यू 1.5 करोड़ रुपये के आसपास है।
बात करें अचल संपत्ति की तो उनके हलफनामे में एक डिपेंडेट के पास कृषि योग्य भूमि होने की जानकारी है जिसकी वैल्यू 31 लाख रुपये से ज्यादा है। वहीं गैर कृषि योग्य भूमि की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
