कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि बीजेपी-आरएसएस मिलकर हर दिन संविधान पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने पीएम मोदी और अमित शाह को गद्दार कहा। राहुल के इस बयान पर पलटवार करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

राहुल गांधी के बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, “राहुल गांधी का आज का बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और एक तरह से उनकी अराजक मानसिकता को दर्शाता है। मेरा मानना ​​है कि भारतीय राजनीति के संदर्भ में, जहां शिष्टाचार और सामाजिक सद्भाव एक-दूसरे के प्रति आपसी सम्मान से जुड़े हुए हैं, उनका बयान वास्तव में खेदजनक है।”

नितिन नवीन ने आगे कहा, “मुझे लगता है कि उनकी लगातार चुनावी हार और उससे उपजे हताशा का असर अब उनके स्वभाव और चरित्र पर दिख रहा है। यही हताशा और निराशा उन्हें आज ऐसे बयान देने के लिए मजबूर कर रही है। मैं आपके शब्दों के चयन के तरीके पर सवाल उठाता हूं। क्या नक्सलवाद का उन्मूलन देशद्रोह है? क्या इस देश की सीमा की रक्षा करना देशद्रोह है? क्या भारत के तिरंगे की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ाना देशद्रोह है?”

आपके पूर्वजों ने इस देश की जमीन और जमीर को गिरवी रखने का काम किया- बीजेपी अध्यक्ष

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, “राहुल गांधी जी मैं पूछना चाहता हूं आपके पूर्वजों ने इस देश की जमीन और जमीर को हमेशा गिरवी रखने का काम किया, कभी हमारे सैनिकों के मनोबल को बढ़ाने का काम नहीं किया लेकिन हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में इस देश की जमीन भी सुरक्षित है और देश के लोगों का जमीर भी मजबूत हुआ है। कहीं न कहीं इस देश में जब तक आपके लोगों ने शासन किया आपकी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी रही।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में पूरी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी रहती थी जबकि मोदी सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करती है। आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आतंकवाद पर पूर्ण लगाम लगी है और सेना स्वाभिमान से काम कर रही है।

राहुल गांधी ने मोदी-शाह को कहा था गद्दार

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा था, “संविधान पर हमला करने और उसे नष्ट करने वाले व्यक्ति को आप क्या कहेंगे? आप उसे देशद्रोही कहेंगे। इसलिए, मैंने खुले तौर पर कहा है कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह संविधान पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने देश की संपत्ति अडानी और अंबानी को सौंप दी है, देश की संस्थाओं को ध्वस्त कर दिया है और वोटों की चोरी में मदद की है। आरएसएस के सदस्यों, ध्यान दें, आपने मुझसे माफी मांगने की मांग की थी लेकिन मैं कभी माफी नहीं मांगूंगा। मैं एक बार फिर दोहराता हूं कि अमित शाह और नरेंद्र मोदी देशद्रोही हैं क्योंकि उन्होंने संविधान पर हमला किया है। मैं आपसे नहीं डरता।”

राहुल अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में जिले के क्रांतिकारी वीरा पासी की स्मृति में आयोजित ‘बहुजन स्वाभिमान सभा’ को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा था, ”अन्य वक्ताओं को सुनते हुए मुझे लगा कि हम वीरा पासी और डॉ आंबेडकर को याद तो करते हैं लेकिन जिस विचारधारा के लिए वे खड़े थे, उसकी ठीक से रक्षा नहीं हो रही है क्योंकि हमारी आंखों के सामने संविधान पर हमला किया जा रहा है।” कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मनरेगा को कमजोर करके, जातिगत जनगणना नहीं कराकर और चुनिंदा उद्योगपतियों का पक्ष लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिन-रात संविधान पर हमला कर रहे हैं।

मोदी-मेलोनी के ‘मेलोडी’ वीडियो पर बोले राहुल गांधी

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है। इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी को टॉफी देने पर उन्होंने तंज कसा है। राहुल गांधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे, ये नेतृत्व नहीं नौटंकी है। पूरी खबर पढ़ने के क्लिक करें