Nishikant Dubey Replied Elon Musk: टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क द्वारा भारत सरकार पर स्टारलिंक को लेकर लगाए गए आरोपों के मामले में बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि भारत एक संप्रभु राष्ट्र है और सोशल मीडिया के दबाव में अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा नीतियों से समझौता नहीं करेगा।

संसदीय समिति के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एलन मस्क को आड़े हाथों लेते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों को रेखांकित किया। निशिकांत दुबे ने कहा कि संसदीय समिति का अध्यक्ष होने के नाते उनकी कमेटी ने देश की सुरक्षा एजेंसियों के समक्ष आने वाली चुनौतियों और स्टारलिंक से जुड़े संभावित खतरों को गहराई से समझा है।

जोखिम को लेकर सतर्कता की कही बात

निशिकांत दुबे ने बताया है कि गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और देश की जांच एजेंसियां इन तकनीकों से जुड़े सुरक्षा जोखिमों को लेकर सतर्क हैं। निशिकांत दुबे ने एलन मस्क को सलाह देते हुए कहा कि आरोप-प्रत्यारोप लगाने से पहले मस्क को अपने देश अमेरिका में गरीब लोगों को सस्ते दामों पर इंटरनेट कनेक्शन मुहैया कराना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत एक स्वस्थ लोकतांत्रिक और संप्रभु राष्ट्र है, जो किसी के दबाव या सोशल मीडिया अभियानों के आधार पर अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा नीति नहीं बदलता है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर भारत की नीतियां सिर्फ पैसे और व्यापार से चलतीं, तो सुरक्षा एजेंसियों के विरोध के बावजूद मस्क का रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत किया जाता।

मनमोहन सरकार की जानकारी का दिया हवाला

सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए निशिकांत दुबे ने याद दिलाया कि वर्ष 2013-14 में तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार ने भी भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) को इस तरह के तकनीकों से जुड़े खतरों की जानकारी दी थी।

इसके अलावा, उन्होंने मस्क पर विदेशी राजनीति में दखल देने का आरोप लगाते हुए कहा कि मस्क अमेरिका से लेकर ब्रिटेन तक राजनीतिक दलों को सामान्य सहयोग से भी कहीं अधिक समर्थन देते आए हैं।

क्या था एलन मस्क का बयान और स्टारलिंक का तर्क?

दरअसल, यह पूरा विवाद एलन मस्क के उस बयान के बाद शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने भारतीय इंटरनेट बाजार और प्रतिस्पर्धा को लेकर सवाल उठाए थे। मस्क ने कहा था कि भारतीय बाजार में प्रतिस्पर्धा से आम नागरिकों को फायदा होगा और उन्हें अधिक विकल्प मिलेंगे।

मस्क ने तर्क दिया था कि अगर भारत में स्टारलिंक महंगा होगा तो कोई इसे नहीं खरीदेगा, इसलिए स्पेसएक्स को अपनी कीमतें किफायती रखनी होंगी। हालांकि, मस्क के इस बयान पर भारतीय नीति निर्माताओं और सुरक्षा एजेंसियों ने देश की संप्रभुता और डेटा सुरक्षा को सर्वोपरि रखा है।

यह भी पढ़ें; सऊदी अरब के किंग खालिद एयरपोर्ट पर हमला, 12 की मौत, 300 घायल, हूतियों ने ली जिम्मेदारी

सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को हमला हुआ है। इस हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत हुई है, जबकि 300 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। रॉयटर्स ने सऊदी अरब के जनरल सिविल एविएशन अथॉरिटी के हवाले से यह जानकारी दी है। इस सप्ताह एयरपोर्ट पर यह तीसरा हमला बताया जा रहा है। पढ़िए पूरी खबर…