टीसीएस नासिक केस पर कंपनी के सीईओ के. कृतिवासन ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया है कि निदा खान को लगातार नासिक यूनिट का एचआर बताया जा रहा है, जबकि वो सिर्फ प्रोसेस एसोसिएट के तौर पर काम कर रही है। कंपनी सीईओ ने उन खबरों का भी खंडन किया है जहां दावा हुआ कि नासिक यूनिट बंद कर दी गई है।

टीसीएस नासिक की बीपीओ यूनिट में काम करने वाले सात महिलाओं और एक पुरुष कर्मचारी द्वारा कंपनी के छह कर्मचारियों पर यौन उत्पीड़न, धार्मिक भावनाओं को आहत करने और जरन धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया है। नासिक पुलिस ने एक पीड़िता की शिकायत पर अंडरकवर ऑपरेशन किया और उसके बाद कुल नौ एफआईआर दर्ज की। छह आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और निदा खान अब तक फरार है।

सोशल मीडिया पर एक एक चिट्ठी के जरिए इस विवाद पर टीसीएस सीईओ के. कृतिवासन ने विस्तृत जानकारी दी है। चिट्ठी में बताया गया है कि मामले की जांच के लिए स्वतंत्र सलाहकार के रूप में डेलॉइट की विशेषज्ञ टीम का सहयोग लिया जा रहा है। इस जांच को टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज की प्रेसिडेंट और सीओओ सुश्री आरती सुब्रमणियन के नेतृत्व में किया जा रहा है।

एक ओवरसाइट समिति का गठन भी किया गया है जिसकी अध्यक्षता TCS के स्वतंत्र निदेशक श्री केकी मिस्त्री कर रहे हैं। चिट्ठी में मीडिया में चल रही कई खबरों का खंडन भी किया गया है। निदा खान को लेकर कहा गया है कि वो कंपनी में किसी भी तरह से भर्ती प्रक्रिया से नहीं जुड़ी हुई है। लीडरशिप संबंधी कोई दूसरी जिम्मेदारी भी निदा खान को नहीं दी गई है।

नासिक यूनिट को लेकर बताया गया है कि वो पूरी तरह सक्रिय है और उसके बंद होने की खबरें निराधार हैं। चिट्ठी में कुछ दूसरे बड़े दावे भी किए गए हैं। उदाहरण के लिए कंपनी सीईओ ने बताया है कि प्रारंभिक जांच के बाद कंपनी को अपने POSH चैनलों पर कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी।

टीसीएस कांड की आरोपी निदा खान ने भी शुक्रवार को बड़ा दावा किया था। उसने कहा था कि वो गर्भवती है और उसे कोर्ट से राहत चाहिए। निदा खान ने नासिक की लोकल कोर्ट का रुख किया था और वहां मेडिकल आधार पर खुद के लिए राहत की मांग की थी। इस समय निदा खान के इन दावों की जांच की जा रही है।

टीसीएस कांड के सामने आने के बाद से ही निदा खान फरार है। अभी तक जांच एजेंसियां उस तक नहीं पहुंच पाई हैं। लेकिन एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक निदा इस समय मुंबई में है और उसने नासिक के लोकल कोर्ट का रुख किया है।

ये भी पढ़ें- HR निदा खान बोली- मैं प्रेग्नेंट हूं; कोर्ट से मांगी राहत