फ्लाईदुबई एयरलाइन के विमान को कथित तौर पर हाईजैक करने और भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर जानलेवा हमला करने के मामले की अब NIA जांच करेगी। शनिवार को NIA ने इस मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू भी कर दी। एजेंसी ने एंटी-हाइजैकिंग एक्ट, 2016 की धारा 3 और सख्त अनलॉफुल एक्टिविटीज़ (प्रिवेंशन) एक्ट, 1967 (UAPA) के तहत केस दर्ज कर लिया।
बता दें कि फ्लाईदुबई की पैसेंजर फ्लाइट में 30 सितंबर को कथित रूप से एक ओमानी को पायलट ने विमान को हाईजैक करने की कोशिश की थी और इस कोशिश में उसने अपने साथी पायलट स्मित मच्छार पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था। इस हमले में मच्छार ने बहादुरी का परिचय देते हुए न सिर्फ अपनी जान बचाई बल्कि विमान में सवार सभी यात्रियों की जान बचा ली।
विमान में 174 पैसेंजर थे सवार
अब इस मामले की जांच NIA भी करेगी। अभी तक इजरायल और दुबई की जांच एजेंसिया इसकी जांच कर रही थीं, लेकिन अब भारत में भी NIA ने एफआईआर दर्ज कर ली है। बता दें कि 30 सितंबर 2026 को फ्लाईदुबई की विमान संख्या FZ1073 में जिस वक्त यह घटना घटी थी उस वक्त 174 पैसेंजर और 6 क्रू मेंबर इस विमान में सवार थे।
क्या कहा गया है FIR में?
NIA की दर्ज FIR में कहा गया है कि फर्स्ट (ओमानी) ऑफिसर ने कैप्टन को चाकू मारा, जिसके बारे में पैसेंजर्स ने बताया कि यह एयरक्राफ्ट को हाईजैक करने या क्रैश करने की कोशिश थी। हमले के दौरान स्मित मच्छार के सिर और हाथों पर गहरे घाव हो गए। बाद में पैसेंजर और क्रू मेंबर को-पायलट पर काबू पाने और उसे काबू में करने में कामयाब रहे। बाद में प्लेन में सवार दूसरे पायलटों ने एयरक्राफ्ट को कंट्रोल किया और उसे नॉर्थ-वेस्टर्न सऊदी अरब के ताबुक में प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुल अजीज एयरपोर्ट पर सेफ लैंड कराया। इसके बाद सऊदी के अधिकारियों ने को-पायलट को अरेस्ट कर लिया।
FIR में कहा गया है कि सेंटर को कथित हमले के बारे में जानकारी मिली और वह इस नतीजे पर पहुंचा कि घटना में बताए गए जुर्म एंटी-हाइजैकिंग एक्ट और UAPA के तहत आते हैं। मामले में बताए गए दो प्रोविजन नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी एक्ट, 2008 के तहत आपराधिक प्रवृति के हैं।
NIA एक्ट के सेक्शन 8 के साथ सेक्शन 6 के सब-सेक्शन (5) और (8) को लागू करते हुए सरकार ने एजेंसी को केस रजिस्टर करने और जांच शुरू करने का निर्देश दिया।
कैप्टन मच्छार को सम्मानित करेगा इजरायल
बता दें कि फ्लाईदुबई फ्लाइट की कॉकपिट में हुए हमले में घायल भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार को उनकी बहादुरी के लिए इजरायल ने उन्होंने प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड ‘प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज्म’ से सम्मानित करने का ऐलान किया है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस घटना में जिन यात्रियों की जान बचाई गई उनमें अधिकतर इजरायल के थे। इजरायल के राष्ट्रपति ने भी कैप्टन मच्छार की बहादुरी की तारीफ की थी।
यह भी पढ़ें: भारतीय पायलट की बहादुरी के मुरीद हुए अमेरिकी सांसद, स्मित मच्छार के सम्मान में पेश किया प्रस्ताव
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में फ्लाईदुबई की उड़ान 1073 के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना करने और विमान में हुए कथित आतंकवादी हमले की निंदा करने वाला प्रस्ताव पेश किया गया है। यह प्रस्ताव 5 अक्टूबर 2026 को सांसद जोश गॉटहाइमर ने माइकल मैककॉल और डॉन बेकन के साथ मिलकर पेश किया। प्रस्ताव को विदेश मामलों की समिति के पास भेजा गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
