एनआईए ने पश्चिम बंगाल के भांगड़ विस्फोट मामले में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक को फरार घोषित कर दिया एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल के भांगड़ विस्फोट मामले में एनआईए ने शुक्रवार को टीएमसी के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला को फरार घोषित कर दिया है। उसकी तलाश में अभियान जारी किया है।

अधिकारी ने बताया कि कैनिंग पुरबा के पूर्व विधायक शौकत के कहीं अंडरग्राउंड होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे तीनों मोबाइल फोन बंद हैं। साथ ही यह भी कहा कि आरोपी से संबंधित सभी प्रासंगिक जानकारी बीएसएफ के साथ साझा कर दी गई है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह देश छोड़कर न भागे।

सभी एजेंसियां अलर्ट पर

अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”हमने शौकत मोल्ला को फरार घोषित करने के साथ ही सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने की किसी भी कोशिश को रोकने के लिए बीएसएफ और दूसरे प्राधिकारों के साथ जरूरी जानकारी साझा की गई है।” अधिकारी ने कहा कि एजेंसी मोल्ला के ठिकाने के बारे में कई सुरागों पर काम कर रही है।

अधिकारी ने कहा, ”ऐसे संकेत हैं कि वह किसी रिश्तेदार के घर पर छिपे हो सकते हैं। कई टीमें तलाशी कर रही हैं। हमें जल्द ही उन्हें खोज लेने का भरोसा है।” केंद्रीय जांच एजेंसी ने गुरुवार को शौकत के घर, पार्टी दफ्तर और कई जगहों पर तलाशी ली। इसके साथ ही भांगड़ में मार्च में हुए विस्फोट की जांच के तहत एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया जिससे मामले में गिरफ्तारियों की कुल संख्या तीन हो गई। बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया व्यक्ति उस गाड़ी का चालक है जिसका इस्तेमाल बम बनाने वालों को ले जाने के लिए किया गया था।

शौकत मोल्ला के घर NIA का छापा

एनआईए की एक प्रेस रिलीज में कहा गया, ”एसयूवी चालक सैनूर मोल्ला की गिरफ्तारी के साथ मामले में कुल गिरफ्तारियां तीन हो गई हैं।” रिलीज में बताया गया, ”अभियानों के तहत मामले के मुख्य संदिग्ध और साजिशकर्ता, फरार पूर्व विधायक शौकत मोल्ला के घर और संदिग्ध ठिकानों सहित कुल आठ जगहों पर तलाशी ली गई।” एनआईए अधिकारियों ने शौकत के परिवार के सदस्यों से पूछताछ की और बाद में उनके बेटे को हिरासत में ले लिया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें