तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को ‘अगला प्रधानमंत्री’ बताने वाले पोस्टर रविवार को चेन्नई में चर्चा का विषय बन गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने हाथों में पोस्टर लेकर ‘Next PM Vijay 2029’ के नारे लिखे। इससे कार्यक्रम में कुछ देर के लिए हलचल मच गई।

यह घटना IIT मद्रास परिसर में हुई जहां प्रधानमंत्री मोदी तमिलनाडु में करीब 13000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विजय भी मौजूद थे।

समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण के दौरान जब विजय का नाम लिया तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने सीटी बजानी शुरू कर दी। ये लोग मुख्यमंत्री के समर्थक बताए जा रहे हैं। उनके हाथों में विजय की तस्वीरों वाले पोस्टर थे जिन पर ‘Next PM Vijay 2029’ जैसे नारे लिखे थे।

मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और पोस्टर दिखा रहे लोगों को बैठने और पोस्टर नीचे करने के निर्देश दिए। लोगों ने शुरुआत में ऐसा किया लेकिन पुलिस के दूसरी ओर मुड़ते ही वे फिर पोस्टर दिखाने लगे। इस दौरान वे वीडियो कैमरों की ओर इशारा भी करते नजर आए।

CM Vijay
सीएम विजय के समर्थन में लगे नारे

चेन्नई मेट्रो के उद्घाटन में भी साथ दिखे मोदी और विजय

यह प्रधानमंत्री मोदी का अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव के बाद तमिलनाडु का पहला दौरा था। इन चुनावों में विजय की पार्टी टीवीके (TVK) सत्ता में आई थी। दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री विजय ने कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

दोनों नेताओं ने चेन्नई मेट्रो की नई सेवा को हरी झंडी दिखाई और ट्रेन में सफर भी किया। प्रधानमंत्री ने चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के पूनमल्ली-वडापलानी खंड का उद्घाटन किया। करीब 4900 करोड़ रुपये की लागत से बने इस लगभग 15 किलोमीटर लंबे खंड पर 11 एलिवेटेड स्टेशन हैं।

दोनों नेताओं ने दौरे के दौरान अन्य निर्धारित परियोजनाओं का भी संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री विजय ने चेन्नई पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया और दिल्ली रवाना होने से पहले उन्हें विदाई भी दी।

हालांकि सरकारी कार्यक्रम के दौरान ‘Next PM Vijay 2029’ के पोस्टरों ने सबका ध्यान खींचा। इस घटनाक्रम ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री विजय की एक साथ मौजूदगी के बीच राजनीतिक चर्चा को भी जगह दी।

यह भी पढ़ें: विजय का प्रधानमंत्री के साथ मंदिर दौरा सामान्य प्रोटोकॉल से परे क्यों है?

रविवार को एक चेन्नई में एक अलग तरह का दृश्य देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय एक-दूसरे के पास में खड़े थे। इसके बाद दोनों ने हरी झंडी लहराई और फिर साथ में ट्रेन में सवार हुए। यह चेन्नई मेट्रो रेल के दूसरे चरण (फेज-2) के पहले परिचालन खंड की पहली यात्रा थी। इस परियोजना को पूरा होने में छह साल लगे हैं।