देश में एक गैंग है जिसके लिए हर बात लोकतंत्र के लिए खतरा, पैनलिस्ट से बोले अमीष देवगन
देवगन ने कहा कि देश में एक गैंग है जो हर बात पर कहता है कि देश में लोकतंत्र को खतरा है। लेकिन बंगाल में उन्हें लोकतंत्र पर खतरा नहीं दिखता।

न्यूज 18 इंडिया पर एंकर अमीष देवगन ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से सवाल किया कि बंगाल में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हमला हुआ। टीएमसी के कई नेता इस समय बीजेपी में टूट कर आ रहे हैं। ममता बनर्जी के एक मंत्री ने अपनी विधान सभा सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। क्या बंगाल की रक्तचरित्र की राजनीति देश के लोकतंत्र के लिए खतरा नहीं है। देश में एक गैंग है जो हर बात पर कहता है कि देश में लोकतंत्र को खतरा है। लेकिन बंगाल में उन्हें लोकतंत्र पर खतरा नहीं दिखता।
इसका जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि उस गैंग को खतरा अपनी जेब पर दिख रहा है। उन लोगों को खतरा लोकतंत्र पर नहीं दिख रहा है वे तो महज लोकतंत्र की दुहाई देते हैं। ये गैंग अगर इतना सशक्त और सुदृढ़ होता तो 2019 में बीजेपी को जो जीत मिली है वो शायद संभव नहीं होती। पहली बार नहीं है जब इस हाय तौबा करने वाली गैंग ने हाय तौबा मचाया हो। साल 2014 से इनका मकसद कोई खास कानून या नीति नहीं है इनका मकसद है कि मोदी को कितना परेशान कर सकें। मोदी को सेवा कार्यों से दूर करने की कोशिश करते रहते हैं। जितना मोदी को परेशान करने की कोशिश वो करते हैं उतना देश की जनता पीएम के साथ आ खड़ी होती है। भारत बंद विफल रहा तो उसका श्रेय देश की जनता को जाता है।
ईरानी ने कहा कि देश की जनता को पता है कि मोदी कोई ऐसा काम नहीं करेगें जो देश के हित में न हो। मोदी देश को प्राथमिकता देते हैं। देश की उन्नति को देते हैं। ममता बनर्जी पर ईरानी ने कहा कि मां माटी और मानुष की बात करने वाली ममता अपने कार्यकर्ताओं को बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं का बलात्कार करने के लिए भेजती हैं। बीजेपी के कार्यकर्ताओं की हत्या करने का काम सरेआम दिन दहाड़े किया जाता है। ममता बनर्जी को गलतफहमी है कि अगर वो बीजेपी के कार्यकर्ताओं की हत्या करवाएंगी तो कार्यकर्ता डर के मारे कही छिप जाएंगे।