नवीन पटनायक की बीजू जनता दल ने राज्य-केंद्र शासित प्रदेशों की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के संचालन में अनियमितताओं के आरोपों पर मचे बवाल के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग में विपक्षी दलों का साथ दिया है।
पटनायक ने मानस मंगराज और सुलता देव को विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए भेजा है। ये प्रदर्शन मंगलवार को सेंट्रल दिल्ली में शुरू हुए, इनका नेतृत्व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें कुछ देर के लिए हिरासत में लिया और फिर छोड़ दिया।
आज बीजेडी और भारतीय जनता पार्टी (जो केंद्र और ओडिशा, दोनों जगह सत्ता में है) के बीच रिश्ते अच्छे नहीं हैं। इसकी वजह 2024 के विधानसभा चुनाव में बीजेडी की करारी हार है, जिस पर पार्टी अब सवाल उठा रही है। हालांकि, पहले बीजेडी, बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय गठबंधन का हिस्सा रही थी, यानी 1998 से 2009 के बीच।
चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन
पिछले महीने एक्सप्रेस की रिपोर्ट के बाद से मुख्य चुनाव आयुक्त कुमार और चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। एक्सप्रेस की एक जांच में पता चला कि चुनाव आयुक्त विवेक जोशी और सुखबीर सिंह संधू ने एसआईआर के संबंध में निर्णय लेने के तरीके पर 10 महीनों में 14 बार औपचारिक रूप से और रिकॉर्ड पर आपत्ति जताई थी। उठाए गए 14 बिंदुओं में से एक कथित तौर पर अवैध रूप से फॉर्म 6 में संशोधन करना था और वोटर लिस्ट का प्रबंधन करने वाले ईसीआईएनईटी सॉफ्टवेयर के नियंत्रण को केंद्रीकृत करने का प्रयास करना था।
बीजेडी ने ज्ञानेश कुमार से मांगा इस्तीफा
सोमवार को बीजेडी के प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने भुवनेश्वर में पत्रकारों से कहा कि ज्ञानेश कुमार के पास इस्तीफा देने और नैतिक जिम्मेदारी लेने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। मोहंती ने जोर देकर कहा कि कुमार को इस्तीफा देना होगा क्योंकि उन्होंने फॉर्म 6 में बदलावों के बारे में झूठ बोला था कि एसआईआर के दौरान किए गए बदलावों को सुप्रीम कोर्ट ने मंजूरी दे दी थी।
इस हफ्ते कोर्ट ने कहा कि उसने फॉर्म 6 में किसी भी संशोधन को मंजूरी नहीं दी है और चुनाव आयोग और सरकार से जवाब मांगा है। बीजेडी ने एक बयान में कहा, “अब कुमार के पास कोई विकल्प नहीं है, क्योंकि ज्ञानेश कुमार ने झूठ बोला था कि फॉर्म 6 को सुप्रीम कोर्ट ने मंजूरी दे दी है, इसलिए उनके पास पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है, सिवाय इसके कि वे इस्तीफा दे दें।”
बीजेडी नेता लेखाश्री समंतसिंहर ने इस मांग पर जोर देते हुए कहा कि ओडिशा समेत देशभर के मतदाताओं का चुनाव आयोग पर से भरोसा उठ चुका है। समंतसिंहर ने आरोप लगाया, “चुनाव आयोग ने 2024 के ओडिशा चुनावों में भी ईवीएम में हेराफेरी करके किसी खास पार्टी को जिताने के लिए इसी तरह की हेराफेरी की होगी।”
इंडिया गठबंधन ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया
नई दिल्ली जिले भर में सुरक्षा बढ़ा दी गई और विपक्षी सांसदों को रास्ते में रोक दिया गया। इसके बाद वे धरने पर बैठ गए। पुलिस के साथ झड़प के बाद उन्हें वहां से हटाकर बस में बिठाकर ले जाया गया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ’ब्रायन और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी शामिल हुए।
यह भी पढ़ें: ‘बीजेपी की मदद ज्ञानेश जी नहीं, गणेश जी कर रहे हैं’, संबित पात्रा ने कांग्रेस पार्टी से पूछे 10 सवाल
भारतीय जनता पार्टी ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों के पैदल मार्च से पहले कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। बीजेपी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि उनकी पार्टी ज्ञानेश कुमार की वजह से नहीं बल्की बुद्धि, विद्या और ज्ञान के देवता गणेश भगवान की वजह से चुनाव जीत रही है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
