Tamil Nadu News: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की अगुवाई वाली टीवीके ने शनिवार को इंडिया गठबंधन में औपचारिक रूप से शामिल होने की प्रक्रिया पूरी की। पार्टी के दो मंत्रियों ने चेन्नई में कांग्रेस मुख्यालय, सत्यमूर्ति भवन में गठबंधन की बैठक में हिस्सा लिया।
दो घंटे चली इस बैठक में टीवीके के महासचिव और मंत्री आदव अर्जुन और वित्त मंत्री मैरी विल्सन ने पार्टी का प्रतिनिधित्व किया। इस साल तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के टीवीके के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होने के बाद डीएमके ने इंडिया गठबंधन से नाता तोड़ लिया था। गठबंधन ने एसआईआर के विरोध में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जिला स्तरीय प्रदर्शन करने का फैसला किया था।
टीवीके इंडिया गठबंधन में शामिल हो गई है- मणिकम टैगोर
तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मणिकम टैगोर ने कहा, “टीवीके इंडिया गठबंधन में शामिल हो गई है।” उन्होंने इसे गठबंधन के लिए एक बहुत ही ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि बैठक में विजय के इस फैसले का स्वागत करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया गया।
टैगोर ने विजय को लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता के प्रति समर्पित एक लोकप्रिय नेता बताया और कहा कि टीवीके के शामिल होने से गठबंधन मजबूत होगा। आदव ने कहा कि टीवीके की भागीदारी गठबंधन का हिस्सा होने की औपचारिक घोषणा है।
गठबंधन राज्यभर में प्रदर्शन करेगा
गौर करने वाली बात यह है कि बैठक में यह तय किया गया कि गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राज्यभर में जिला स्तर पर जोरदार प्रदर्शन करेगा। पार्टियों का आरोप है कि एसआईआर के कारण वोटर लिस्ट से 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं।
15 अक्टूबर को चेन्नई में होने वाले प्रदर्शन में टीवीके, कांग्रेस, वीसीके, सीपीआई, सीपीएम, आईयूएमएल, एमडीएमके और सीपीआई (एमएल) शामिल होंगी। एमडीएमके नेता वाइको ने कहा कि विजय को प्रदर्शन में शामिल होना चाहिए। जब उनसे पूछा गया कि क्या टीवीके इंडिया ब्लॉक की राष्ट्रीय स्तर की बैठक में भाग लेगी, तो वाइको ने कहा कि शनिवार की भागीदारी केवल पहला कदम थी और पार्टी इंडिया गठबंधन की भविष्य की बैठकों में भाग लेगी।
यह भी पढ़ें: ‘कुछ लोग शायद भूल गए हैं…’, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बोले- लोगों ने हम पर बहुत भरोसा किया है
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने एक बार फिर डीएमके पर निशाना साधा है। उन्होंने बुधवार को धारापुरम में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि कुछ लोग शायद इसी साल हुए विधानसभा चुनाव परिणाम भूल गए हैं। लोगों ने चुनाव में टीवीके को वोट कर चुना और डीएमके को घर भेज दिया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
