Bangladesh New Govt: बांग्लादेश में हुए आम चुनाव में बीएनपी को बड़ी जीत मिली है। पार्टी प्रमुख तारिक रहमान अब देश के नए प्रधानमंत्री बनेंगे। उनका शपथ ग्रहण समारोह ढाका में राष्ट्रीय संसद के साउथ प्लाजा में आयोजित होगा।

इस समारोह में भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल होंगे। उनके साथ भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी भी मौजूद रहेंगे। एएनआई के सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है। बांग्लादेश ने भारत सहित 13 देशों के नेताओं को शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया है।

यह निमंत्रण ऐसे समय आया है जब भारत और बांग्लादेश के संबंध पहले जैसे नहीं हैं। अगस्त 2024 में बांग्लादेश में बड़े दंगे हुए थे, जिसके बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से हटना पड़ा। बाद में उन्होंने भारत में शरण ली और सुरक्षा कारणों से अभी भी वहीं रह रही हैं।

अब बीएनपी के सत्ता में आने के बाद माना जा रहा है कि आने वाले समय में भारत और बांग्लादेश के रिश्तों पर खास नजर रहेगी। दोनों देशों के संबंध किस दिशा में जाएंगे, यह नई सरकार की नीतियों पर निर्भर करेगा।

बता दें, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का इस समारोह में शामिल होना महज एक प्रोटोकॉल नहीं है। यह भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ पॉलिसी का हिस्सा है। भारत और बांग्लादेश का इतिहास, संस्कृति और आपसी सम्मान का रिश्ता दशकों पुराना है।

तारिक रहमान के नेतृत्व में एक निर्वाचित सरकार का आना बांग्लादेश के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव है। भारत ने इस बदलाव का स्वागत करते हुए साफ कर दिया है कि वह अपने पड़ोसी देश में लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत होते देखना चाहता है।

यह भी पढ़ें- बांग्लादेश में चुनाव जीते तारिक रहमान को ममता बनर्जी ने बताया भाई, ढाका भेजे फूल और मिठाई

भारत-बांग्लादेश एक साझा विरासत से जुड़े हुए हैं। ढाका में होने वाला यह कार्यक्रम आपसी सहयोग के नए द्वार खोल सकता है। तारिक रहमान को मिले भारी जनादेश के बाद, भारत को उम्मीद है कि व्यापार, सुरक्षा और कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच रिश्ते और बेहतर होंगे।

ओम बिरला की मौजूदगी यह बताती है कि भारत अपनी दोस्ती को लेकर कितना गंभीर है। भारत सरकार ने तारिक रहमान के नेतृत्व वाली सरकार के साथ काम करने की अपनी इच्छा जाहिर कर दी है। आने वाले समय में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय वार्ता और समझौतों की गति तेज होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- बांग्लादेश में 17 फरवरी को PM पद की शपथ लेंगे तारिक रहमान