त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए नई व्यवस्था लागू की है। अब रिजर्व और जनरल टिकट वाले यात्रियों को स्टेशन में आने और बाहर जाने के लिए अलग-अलग गेट का इस्तेमाल करना होगा। इसके लिए गेट नंबर और रंग भी तय किए गए हैं।

त्योहारों के मौसम में ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही रेलवे स्टेशनों पर भी भारी भीड़ देखने को मिल रही है। खासकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (NDLS) पर यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने और भगदड़ जैसी स्थिति से बचने के लिए उत्तर रेलवे ने नई व्यवस्था शुरू की है।

इसके तहत रिजर्व और अनरिजर्व यानी जनरल टिकट वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग एंट्री और एग्जिट गेट निर्धारित किए गए हैं। रेलवे का मानना है कि इस व्यवस्था से स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार, सर्कुलेटिंग एरिया और प्लेटफॉर्म पर भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

Exit Gates for Reserved and Unreserved Passengers
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अब अलग-अलग गेट से मिलेगी एंट्री (Photo Source: Northern Railway)

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर किस यात्री के लिए कौन-सा गेट तय किया गया है?

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक, रिजर्व क्लास (स्लीपर और एसी) में सफर करने वाले यात्रियों को प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 15 तक जाने के लिए गेट नंबर 8 और गेट नंबर 11 का इस्तेमाल करना होगा। इन दोनों गेट को नीले रंग से चिह्नित किया गया है।

वहीं, जनरल या अनरिजर्व टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए गेट नंबर 12 निर्धारित किया गया है। इस गेट का इस्तेमाल प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 16 तक जाने के लिए किया जा सकेगा। गेट नंबर 12 को पीले रंग से चिह्नित किया गया है।

रेलवे ने यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए वन-वे मूवमेंट की व्यवस्था भी लागू की है। यानी स्टेशन में प्रवेश करने वाले यात्री उसी गेट से बाहर नहीं निकल सकेंगे। इसी तरह, बाहर निकलने के लिए निर्धारित गेट का इस्तेमाल केवल स्टेशन से बाहर जाने वाले यात्री ही कर सकेंगे। ऐसे में यात्रियों को स्टेशन पहुंचने के बाद गेट पर लगे संकेतों और साइनबोर्ड को ध्यान से देखना होगा।

Northern Railway Introduces One-Way Movement at New Delhi Station to Manage Festive Rush
एंट्री और एग्जिट के लिए बनाए अलग रास्ते (Photo Source: Northern Railway)

यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए रेलवे ने किए ये इंतजाम

  1. मोबाइल टिकटिंग और हैंडहेल्ड डिवाइस की सुविधा

टिकट काउंटरों पर लंबी कतारों को कम करने के लिए रेलवे कर्मचारियों को हैंडहेल्ड डिवाइस दिए गए हैं। इनकी मदद से कर्मचारी स्टेशन परिसर में ही यात्रियों को अनरिजर्व टिकट जारी कर सकेंगे। इससे जनरल टिकट लेने के लिए यात्रियों को काउंटर पर लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

  1. प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर अस्थायी रोक

स्टेशन पर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उत्तर रेलवे ने प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री भी अस्थायी रूप से बंद कर दी है। इससे केवल यात्रा करने वाले यात्रियों को ही प्लेटफॉर्म तक पहुंचने की अनुमति मिलेगी और प्लेटफॉर्म पर भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।

  1. जगह-जगह लगाए गए साइनबोर्ड

यात्रियों को उनके निर्धारित प्रवेश और निकास द्वार तक पहुंचाने के लिए स्टेशन पर जगह-जगह साइनबोर्ड लगाए गए हैं। फुट ओवरब्रिज, एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर भी संकेतक लगाए गए हैं, ताकि यात्रियों को सही रास्ता ढूंढने में परेशानी न हो।

New Delhi Railway Station Changes Entry Rules Amid Festive Rush
नई दिल्ली स्टेशन पर यात्रियों के लिए रेलवे ने किए ये बदलाव (Photo Source: Northern Railway)
  1. बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों के लिए खास इंतजाम

रेलवे ने वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग यात्रियों (PwD) और व्हीलचेयर की जरूरत वाले लोगों के लिए भी विशेष सुविधाएं जारी रखने की बात कही है। इनके लिए निर्धारित गेट के पास रैंप और सुविधाजनक रास्तों की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें स्टेशन में आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो।

स्टेशन जाने से पहले जरूर चेक करें अपना गेट

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लागू की गई इस व्यवस्था के तहत यात्रियों को अपनी टिकट कैटेगरी के अनुसार निर्धारित गेट का ही इस्तेमाल करना होगा। रिजर्व टिकट वाले यात्रियों के लिए नीले रंग के गेट नंबर 8 और 11, जबकि जनरल टिकट वाले यात्रियों के लिए पीले रंग का गेट नंबर 12 निर्धारित किया गया है। इसलिए स्टेशन पहुंचने से पहले अपने टिकट और प्लेटफॉर्म की जानकारी जरूर देख लें। इससे न केवल आपका समय बचेगा, बल्कि स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें: Blinkit Ambulance अब सबके लिए फ्री नहीं, देने होंगे 2500 रुपये- दीपिंदर गोयल ने किया ऐलान- जानें नए नियम

ब्लिंकिट एम्बुलेंस अब पूरी तरह मुफ्त नहीं है, जोमैटो के संस्थापक दीपिंदर गोयल ने कहा है कि इमरजेंसी न होने पर ‘ब्लिंकिट एम्बुलेंस’ हर यात्रा पर 2,500 रुपये शुल्क लेगी। चलिए बताते हैं कि गोयल ने आगे क्या जानकारी दी है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।