जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपनी जिंदगी की एक नई पारी की शुरूआत की है। उन्होंने इसका ऐलान सोशल मीडिया पोस्ट कर किया है। उन्होंने पत्रकार निधि राजदान के साथ तस्वीरें पोस्ट की हैं और रिंग की इमोजी भी लगाई है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्होंने पूर्व पत्रकार निधि राजदान संग शादी कर ली है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, उमर अब्दुल्ला और टीवी पत्रकार निधि राजदान ने नई दिल्ली में शादी कर दी। इधर सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को नई दिल्ली में ‘स्पेशल मैरिज एक्ट’ के तहत यह शादी की गई है। गवाहों में दोनों के परिवार शामिल थे।
दोनों की शादी में परिवार शामिल हुए
उमर अब्दुल्ला और 49 वर्षीय निधि दोनों की यह दूसरी शादी है। निधि राजदान का पहला विवाह निलेश मिश्रा से हुआ था। श्रीनगर और नई दिल्ली में हुए शादी के कार्यक्रमों में दोनों पक्षों के परिवार और करीबी रिश्तेदार शामिल हुए। इन कार्यक्रमों में अब्दुल्ला के माता-पिता – फारूक अब्दुल्ला और मौली, उनकी तीन बहनें और अन्य करीबी रिश्तेदार, तथा निधि के माता-पिता – वरिष्ठ पत्रकार एम.के. राजदान और सरला राजदान मौजूद थे। इससे जुड़े पोस्ट भी दोनों ने किए।
उमर अब्दुल्ला ने किया पोस्ट
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। पोस्ट में वह और पूर्व पत्रकार निधि राजदान दिख रहे हैं, दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर अब चर्चा में हैं। उमर ने शनिवार को तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा- ‘कल एक नई शुरुआत हुई, निधि।’
वहीं पूर्व पत्रकार निधि राजदान ने भी इसकी आधिकारिक पुष्टि की और अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, इट्स डन ब्रो….।
मीडिया रिपोर्ट की मानें तो उमर अब्दुल्ला ने शनिवार शाम दिल्ली के पृथ्वीराज रोड स्थित जेके हाउस में हाई-प्रोफाइल डिनर आयोजित किया है। इस कार्यक्रम के लिए महज 71 चुनिंदा मेहमानों को निमंत्रण दिया गया है।
मेहमानों की लिस्ट में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और महबूबा मुफ्ती के नाम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त रॉबर्ट वाड्रा, डेरेक ओ’ब्रायन, कपिल सिब्बल, निशिकांत दुबे और पवन खेड़ा जैसे चेहरों को भी आमंत्रण दिया गया है।
31 जुलाई को दिया अपनी पहली पत्नी को तलाक
जानकारी दे दें कि उमर अब्दुल्ला ने 31 जुलाई 2026 को ही अपनी पहली पत्नी पायल से तलाक लिया है, सुप्रीम कोर्ट ने इस तलाक की मंजूरी दी थी। दोनों 2011 से ही अलग-अलग रह रहे थे।
कोर्ट को दोनों ने बताया कि वे आपसी सहमति से अपनी शादी खत्म करने और सभी विवादों को सुलझाने का फैसला किया है। उमर ने सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी जिसमें हाईकोर्ट ने उनकी शादी खत्म करने से इनकार कर दिया था।
यह भी पढ़ें: उमर अब्दुल्ला ने NC के कद्दावर नेताओं को सौंपी वित्त और ऊर्जा विभाग की कमान, जानें किसे कौन सा डिपार्टमेंट मिला
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने चार नए मंत्रियों को शामिल करके अपनी कैबिनेट का विस्तार किया। अब सभी मंत्रियों को उनके विभाग भी बांट दिए गए हैं। जिन विभागों को फिर से बांटा गया, उनमें ऊर्जा विभाग और वित्त विभाग शामिल है, जो पहले मुख्यमंत्री के पास थे। नेशनल कॉन्फ्रेंस के जनरल सेक्रेटरी और पार्टी के पुराने नेता अली मोहम्मद सागर को उमर अब्दुल्ला ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्हें ऊर्जा विभाग, कानून-न्याय और संसदीय कार्य विभाग दिए गए हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
