बंगाल के अगले मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी होंगे। बीजेपी विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है। गृहमंत्री अमित शाह ने खुद इसकी घोषणा की है। विधायक दल की बैठक को गृह मंत्री अमित शाह ने संबोधित किया और इसके बाद सुवेंदु अधिकारी ने संबोधित किया। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सुवेंदु अधिकारी ने वहां मौजूद सभी विधायकों से खड़े होकर नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे लगाने के लिए कहा।

सुवेंदु अधिकारी ने पहले भाषण में क्या कहा?

सुवेंदु अधिकारी ने सबका साथ और सबका विश्वास के रास्ते पर चलने की घोषणा की। सुवेंदु ने कहा कि संदेशखली मामले की जांच की जाएगी और इसके लिए एक जांच आयोग का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुवेंदु ने अपने पहले भाषण में कहा कि सबका साथ और सबका विश्वास के एजेंडे पर काम होगा और बंगाल का हम नवनिर्माण करेंगे।

सुवेंदु अधिकारी अब राज्यपाल से मिलेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। सुवेंदु अधिकारी बंगाल में बीजेपी के पहले सीएम होंगे। बीजेपी को बंगाल में प्रचंड जीत मिली है।

अमित शाह ने विधायक दल को किया संबोधित

विधायक दल की बैठक में अमित शाह ने कहा, “जब मैं 2014 में बंगाल का अध्यक्ष बना था, तब हमारे वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने उपचुनाव जीतकर हमारा खाता खोला था। 2016 में हमारे पास 3 सीटें थीं। 2021 में हमारे पास 77 सीटें थीं और 2026 में हमारे पास 207 सीटें हैं और हमारे मुख्यमंत्री का चुनाव होने वाला है। यह सफर जितना भव्य रहा है, उतना ही असहनीय कष्टों से भरा रहा है। मैं यह नहीं भूल सकता कि 321 ईश्वर तुल्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस जीत, इस विचार के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। केरल और बंगाल के अलावा, मैंने ऐसा कहीं नहीं देखा।”

अमित शाह ने कहा, “मैं भवानीपुर के लोगों का तहे दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। मैंने एक इंटरव्यू देखा जिसमें दीदी ने कहा कि वो हमारे घर में लड़ने आई थीं। इस बार सुवेंदु आपके घर आए और आपको हरा दिया। भाजपा के लिए इस जीत का महत्व सिर्फ पार्टी विस्तार तक सीमित नहीं है। इस जीत का महत्व सिर्फ हमारी विचारधारा के विस्तार तक सीमित नहीं है। इस जीत का महत्व सिर्फ इतना नहीं है कि भाजपा और एनडीए ने अपना 21वां राज्य हासिल कर लिया है। इसका महत्व राष्ट्रीय स्तर पर सबसे बड़े खालीपन को भरने में निहित है।”