Tamil Nadu News: तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की लगातार चुनावी जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व की तुलना में कांग्रेस के कारण ज्यादा है।

चेन्नई के अन्ना इंस्टीट्यूट ऑफ आर्ट्स एंड साइंस में आयोजित डीएमके यूथ विंग की बैठक के दौरान उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि एक समय उन्हें लगता था कि बीजेपी की निरंतर सफलता के लिए प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ही पूरी तरह से जिम्मेदार हैं, लेकिन अब वह इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि पार्टी की जीत के पीछे असली कारण कांग्रेस है।

डीएमके नेता ने कांग्रेस की कड़ी आलोचना की

डीएमके नेता ने कांग्रेस की भी कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी पर कभी भी भरोसा नहीं किया जाना चाहिए और उससे संपर्क भी नहीं किया जाना चाहिए। चुनाव के बाद कांग्रेस द्वारा डीएमके से संबंध तोड़ने और टीवीके को सशर्त समर्थन देने पर सहमति जताने के बाद उनकी यह टिप्पणी आई है। 2026 के विधानसभा चुनावों में डीएमके को केवल 59 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस ने 5 सीटें जीतीं।

डीएमके की यूथ विंग ने चुनाव के बाद कांग्रेस से संबंध तोड़ने के फैसले की कड़ी आलोचना करते हुए इसे विश्वासघात बताया। वहीं, तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी ने विश्वासघात और पीठ में छुरा घोंपना जैसे शब्दों के इस्तेमाल पर आपत्ति जताते हुए पलटवार किया। डीएमके की यूथ विंग ने पार्टी की हालिया चुनावी हार के बाद चेन्नई स्थित डीएमके मुख्यालय में अपनी पहली बैठक आयोजित की। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और उदयनिधि स्टालिन भी उपस्थित थे।

यूथ विंग ने एक प्रस्ताव पारित किया

बैठक के दौरान यूथ विंग ने एक प्रस्ताव पारित कर कांग्रेस पर डीएमके के साथ धोखा करने का आरोप लगाया। प्रस्ताव में कहा गया, “कांग्रेस ने वर्षों से कई विधायक और सांसद केवल डीएमके कार्यकर्ताओं के प्रयासों के कारण ही जीते हैं। हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में भी, डीएमके पदाधिकारियों के प्रयासों के कारण ही कांग्रेस पांच विधानसभा सीटें जीतने में सफल रही। राष्ट्रीय पार्टी होने के बावजूद, कांग्रेस ने डीएमके विधायकों के समर्थन से चुनाव से पहले एक राज्यसभा सीट हासिल की, लेकिन बिना आभार व्यक्त किए रातोंरात पाला बदल लिया।”

प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि कांग्रेस के नेता सिर्फ पद पाने की इच्छा से काम कर रहे थे और पार्टी एक बड़े राजनीतिक आंदोलन के लिए जरूरी राजनीतिक शिष्टाचार निभाने में असफल रही।

यह भी पढ़ें: सीएम विजय के मंत्रिमंडल में सात दलित और चार महिलाएँ

तमिलनाडु में करीब छह दशक बाद डीएमके और एआईएडीएमके के अलावा तीसरी पार्टी टीवीके की सरकार बनी। इसके बाद मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने गुरुवार को मंत्रिमंडल का विस्तार किया और 23 नए मंत्री कैबिनेट में शामिल किए।। विजय ने इसके जरिए यह संकेत देने की कोशिश की कि उनकी सरकार अधिक युवा, सामाजिक रूप से अधिक समावेशी, तकनीकी रूप से महत्वाकांक्षी और राज्य की पुरानी व्यवस्था से अलग दिखना चाहती है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…