केंद्र सरकार ने नीट-यूजी परीक्षा का पेपर लीक होने की वजह से सवालों के घेरे में आई राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) में शनिवार को दो संयुक्त सचिवों और दो संयुक्त निदेशकों की नियुक्ति की। भारतीय सांख्यिकी सेवा अधिकारी अनुजा बापट और आईआरएस रुचिता विज को एनटीए में पांच-पांच साल के लिए या अगले आदेश तक संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार, भारतीय सांख्यिकी सेवा की 1998 बैच की अधिकारी अनुजा बापट और भारतीय राजस्व सेवा (सीमा शुल्क एवं अप्रत्यक्ष कर) की 2004 बैच की अधिकारी रुचिता विज पांच साल के लिए एनटीए में संयुक्त सचिव होंगी।
सीबीआई द्वारा NEET-UG 2026 परीक्षा के पेपर लीक की जांच और सरकार द्वारा अगले साल से परीक्षा को कंप्यूटर आधारित बनाने की घोषणा के बाद, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने शनिवार को इन नियुक्तियों को मंजूरी दी। यह नियुक्ति एनटीए में रिक्त उप सचिव/निदेशक पदों को अस्थायी रूप से संयुक्त सचिव के स्तर पर प्रमोट करके की गई है।
एनटीए में संयुक्त निदेशक
मंत्रालय ने एक अलग आदेश में कहा कि भारतीय राजस्व सेवा (आयकर) के अधिकारी आकाश जैन और भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा सेवा के अधिकारी आदित्य राजेंद्र भोजगड़िया को एनटीए में संयुक्त निदेशक नियुक्त किया गया है। NEET-UG परीक्षा के पेपर लीक होने के बाद 2024 में गठित विशेषज्ञों की एक उच्च स्तरीय समिति ने NTA के पुनर्गठन की सिफारिश की थी, जिसमें निदेशकों के नेतृत्व में 10 विभाग और दो अतिरिक्त महानिदेशक शामिल थे।
सीबीआई हिरासत में नीट पेपर लीक के आरोपी
सीबीआई ने नीट-यूजी पेपर लीक मामले में केस दर्ज कर जांच के लिए टीम गठित की हैं। पेपर लीक होने के कारण 3 मई को आयोजित यह परीक्षा रद्द कर दी गई थी। देश भर में एनटीए द्वारा आयोजित इस परीक्षा के लिए लगभग 23 लाख अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। 3 मई को 22 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने NEET-UG परीक्षा दी थी और अब री-एग्जाम 21 जून 2026 को निर्धारित किया गया है।
दिल्ली की एक अदालत ने नीट प्रश्नपत्र लीक मामले के कथित सरगना पी वी कुलकर्णी और एक अन्य आरोपी मनीषा वाघमारे को शनिवार को 10 दिनों के लिए सीबीआई हिरासत में भेज दिया। इससे पहले शुक्रवार को अदालत ने आरोपी धनंजय लोखंडे को 6 दिनों के लिए सीबीआई हिरासत में भेज दिया था। बृहस्पतिवार को नासिक के शुभम खैरनार, जयपुर के मंगिलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल और गुरुग्राम के यश यादव को 20 मई तक सीबीआई हिरासत में भेजा गया था। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
