महाराष्ट्र पुलिस ने बुधवार को नीट पेपर लीक मामले से कथित तौर पर जुड़े होने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया। उनके खिलाफ यह कार्रवाई शुभम खैरनार की नासिक जिले में गिरफ्तारी के एक दिन बाद हुई है। इस मामले में हरियाणा के गुरुग्राम जिले के यश यादव को भी गिरफ्तार किया गया है। मामला सामने आने के बाद जहां यश के गुरुग्राम स्थित घर को बंद कर दिया गया है वहीं, स्कूल के पोस्टर में उसे एक सफल छात्र के रूप में दिखाया गया है।
हरियाणा के गुरुग्राम जिले के खेड़ा खुर्रमपुर गांव के सरपंच खेम चंद ने यश यादव के बारे में बताते हुए कहा कि वह एक साधारण परिवार और ऐसे गांव का औसत छात्र है जहां कोई भी बच्चा आपराधिक गतिविधियों में शामिल नहीं है। इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत के दौरान सरपंच ने कहा, “वह एक औसत छात्र था। वह पिछले कुछ वर्षों से राजस्थान में कोचिंग क्लास ले रहा था। वह एमबीबीएस में दाखिला पाने के योग्य नहीं था और पिछले साल उसने बीएएमएस (आयुर्वेद) कोर्स में दाखिला लिया था। वह इस साल की नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था और घर लौट आया था।” उन्होंने बताया कि यश उत्तरकाशी में मंजीरा देवी आयुर्वेदिक कॉलेज और अस्पताल में प्रथम वर्ष का छात्र है।
यश यादव क गुरुग्राम स्थित घर पर लगा ताला
यश यादव के पिता हरबीर एक छोटी तेल मिल चलाते थे और उसके बड़े भाई ने होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की है। यश की एक बड़ी बहन भी है जो कानून की पढ़ाई कर रही है। खेम चंद ने बताया, “वे मेरे पड़ोसी हैं। घर में छह लोग रहते हैं: माता-पिता, तीन बच्चे और उनकी दादी। यह एक साधारण परिवार है। घर में ताला लगा हुआ है। हमें बताया गया है कि वे दिल्ली में हैं। वे बात करने की हालत में नहीं हैं।”
गांव के मुखिया को यश की बेगुनाही पर यकीन
गांव के मुखिया को यश की बेगुनाही का पूरा यकीन था। सरपंच ने कहा, “हो सकता है उसे कागज़ात व्हाट्सएप या सोशल मीडिया पर मिले हों लेकिन वह पैसे नहीं ले सकता था और न ही किसी तरह के रैकेट में शामिल हो सकता था। इस गांव में कोई भी, खासकर बच्चे ऐसा नहीं करेंगे। जांच होने दीजिए, सब कुछ सामने आ जाएगा।” हमने उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके परिवार से बात की। कोई भी फाइनेंशियल रिकॉर्ड या बैंक डिपॉजिट नहीं मिला जिससे किसी भी तरह की गड़बड़ी का संकेत मिले।
यश यादव ने ऑक्सफोर्ड कॉन्वेंट स्कूल में क्लास 11 तक पढ़ाई की थी
संस्थान के अधिकारियों ने पुष्टि की कि यश यादव ने ऑक्सफोर्ड कॉन्वेंट स्कूल में क्लास 11 तक पढ़ाई की थी।” स्कूल के बाहर लगे एक पोस्टर पर यश की तस्वीर थी जिसके बगल में एमबीबीएस में चयन लिखा हुआ था। पोस्टर पर स्कूल का नाम था, साथ ही बधाई भी छपी थी और स्कूल के मेधावी छात्रों की तस्वीरें भी लगाई गई थीं।
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता, एएसआई संदीप कुमार ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि राजस्थान स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप ने फिलहाल गुरुग्राम से किसी भी प्रकार की जानकारी लीक होने से इनकार किया है। उन्होंने आगे कहा, “सीबीआई ने भी इस बात की कोई जानकारी नहीं दी है।”
NEET-UG पेपर लीक मामले में गिरफ्तारी
NEET-UG पेपर लीक मामले में सीबीआई ने बताया कि एजेंसी ने अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है और अपनी जांच के तहत कई राज्यों में तलाशी अभियान चलाए हैं। सीबीआई के प्रवक्ता ने कहा था, “जयपुर से तीन, गुरुग्राम से एक और नासिक से एक की गिरफ्तारियां सीबीआई द्वारा 12 मई को एफआईआर दर्ज करने के बाद की गई त्वरित कार्रवाई का संकेत देती हैं।” गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान नासिक से शुभम खैरनार, जयपुर से मंगिलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल और गुरुग्राम से यश यादव के रूप में हुई है।
Exclusive: जिस शिक्षक ने खोली NEET पेपर लीक की पोल, जानिए उसकी शिकायत में क्या लिखा था
4 मई की रात करीब 1:30 बजे यानी NEET(UG) 2026 परीक्षा खत्म होने के कई घंटे बाद कुछ ऐसा हुआ जिससे पूरे देश में बवाल मच गया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
