नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई ने पिछले 24 घंटों में देश भर में 14 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये तलाशी अभियान NEET-UG 2026 परीक्षा से संबंधित प्रश्नपत्र लीक मामले से जुड़े हैं। पिछले 24 घंटों में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक पुणे से और दूसरा महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की कुल संख्या 7 हो गई है।
पिछले 24 घंटों में गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों के नाम हैं- महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से धनंजय लोखंडा और पुणे की मनीषा वाघमारे। कई अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस सिलसिले में कल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था 3 जयपुर से, 1 गुरुग्राम से और 1 नासिक से।
महाराष्ट्र पुलिस ने बुधवार को नीट पेपर लीक मामले से कथित तौर पर जुड़े होने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया था। उनके खिलाफ यह कार्रवाई शुभम खैरनार की नासिक जिले में गिरफ्तारी के एक दिन बाद हुई। इस मामले में हरियाणा के गुरुग्राम जिले के यश यादव को भी गिरफ्तार किया गया है।
नीट पेपर लीक मामले में गिरफ्तारी
इससे पहले NEET-UG पेपर लीक मामले में सीबीआई ने बताया था कि एजेंसी ने अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है और अपनी जांच के तहत कई राज्यों में तलाशी अभियान चलाए हैं। सीबीआई के प्रवक्ता ने कहा था, “जयपुर से तीन, गुरुग्राम से एक और नासिक से एक की गिरफ्तारियां सीबीआई द्वारा 12 मई को एफआईआर दर्ज करने के बाद की गई त्वरित कार्रवाई का संकेत देती हैं।” गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान नासिक से शुभम खैरनार, जयपुर से मंगिलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल और गुरुग्राम से यश यादव के रूप में हुई है।
परीक्षा रद्द किए जाने को लेकर विरोध प्रदर्शनों के साथ ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी तेज हो गई है। जयपुर में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक ने दावा किया कि प्रभावशाली लोगों को संरक्षण दिया जा रहा है जबकि आम लोगों को परेशान किया जा रहा है। नीट-यूजी 2026 परीक्षा के संचालन में विफलता का आरोप लगाते हुए ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन फेडरेशन ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है और परीक्षा प्रणाली में सुधार का अनुरोध किया है।
NEET पेपर लीक: जिस छात्र को स्कूल ने बताया था ‘अचीवर’, उस पर ही गंभीर आरोप
नीट पेपर लीक मामले में हरियाणा के गुरुग्राम जिले के यश यादव को भी गिरफ्तार किया गया है। मामला सामने आने के बाद जहां यश के गुरुग्राम स्थित घर को बंद कर दिया गया है वहीं, स्कूल के पोस्टर में उसे एक सफल छात्र के रूप में दिखाया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
