NEET-UG Paper Leak: सीबीआई ने नीट-यूजी परीक्षा के पेपर लीक के कथित सरगना की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वह लातूर के कैमिस्ट्री के प्रोफेसर पी.वी. कुलकर्णी है। सीबीआई ने बताया कि कुलकर्णी एनटीए की ओर से पेपर के प्रोसेस में शामिल था। उसके पास प्रश्न पत्रों तक पहुंच थी।
सीबीआई को जांच में पता चला कि अप्रैल 2026 के आखिरी हफ्ते में उन्होंने एक अन्य आरोपी मनीषा वाघमारे (जिसे सीबीआई ने 14.05.2026 को गिरफ्तार किया था) की मदद से छात्रों को संगठित किया और पुणे स्थित अपने आवास पर इन छात्रों के लिए स्पेशल कोचिंग क्लास आयोजित कीं।
अब तक इस मामले में कितनी गिरफ्तारी हुई?
केंद्रीय जांच ब्यूरो ने कहा कि इन स्पेशल कोचिंग क्लास के दौरान उन्होंने प्रश्न, विकल्प और सही उत्तर लिखवाए। छात्रों ने इन प्रश्नों को अपनी नोटबुक में हाथ से लिखा और ये प्रश्नपत्र 3.05.2026 को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा के असली प्रश्नपत्र से हूबहू मेल खाते हैं। सीबीआई के अनुसार, कल तक जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिलियानगर से 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से 5 आरोपियों को अदालत में पेश किया जा चुका है और गहन पूछताछ के लिए 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। कल गिरफ्तार किए गए अन्य 2 आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड के लिए पुणे की अदालत में पेश किया जा रहा है और उन्हें दिल्ली की अदालत में ट्रांसफर किया जा रहा है।
अब कब होगा NEET-UG 2026 का एग्जाम?
इस बीच, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को घोषणा की कि NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रधान ने छात्रों को आश्वासन दिया कि सरकार इस तरह की अनुचित गतिविधियों को दोबारा नहीं होने देगी और कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, “हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता छात्रों का भविष्य है और सरकार उनकी मेहनत और प्रयासों के प्रति संवेदनशील है। हम इस बार अनुचित गतिविधियों को होने नहीं देंगे।” प्रधान ने यह भी घोषणा की कि अगले साल से, पारदर्शिता में सुधार लाने और परीक्षा में अनियमितताओं को रोकने के उद्देश्य से किए जा रहे सुधारों के तहत NEET-UG का आयोजन सीबीटी मोड में किया जाएगा।
जिस शिक्षक ने खोली NEET पेपर लीक की पोल, जानिए उसकी शिकायत में क्या लिखा था
4 मई की रात करीब 1:30 बजे यानी NEET(UG) 2026 परीक्षा खत्म होने के कई घंटे बाद कुछ ऐसा हुआ जिससे पूरे देश में बवाल मच गया। राजस्थान के सीकर के एक बड़े कोचिंग संस्थान से जुड़े एक शिक्षक कुछ कागजों का पुलिंदा लेकर जिले के उदय नगर पुलिस स्टेशन पहुंचे। उद्योग नगर थाने के SHO राजेश कुमार ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, ”वह अपने साथ कुछ दस्तावेज लेकर आए थे और हाल ही में संपन्न हुई NEET परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगा रहे थे।”
SHO के अनुसार, ”थाने में मौजूद कर्मचारियों ने उनकी बात सुनी और उन्हें एक खाली कागज देकर लिखित शिकायत देने को कहा। लेकिन वह बिना शिकायत दिए ही वहां से चले गए।” राजेश कुमार ने उन दावों को खारिज किया कि पुलिस ने शिक्षक को थाने से लौटा दिया था। पढ़ें पूरी खबर…
