नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों में बढ़ते तनाव के बीच एक और आत्महत्या का मामला सामने आया है। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के रहने वाले मेडिकल अभ्यर्थी प्रदीप माहिच ने कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों के अनुसार प्रदीप ने इस बार परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया था। उसे करीब 650 अंक आने की उम्मीद थी, लेकिन परीक्षा कैंसल होने के बाद वह तनाव में आ गया था।
पुलिस के मुताबिक प्रदीप पिछले तीन वर्षों से अपनी दो बहनों के साथ सीकर में रहकर एक निजी कोचिंग संस्थान में मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि प्रदीप ने अपनी बहन के दुपट्टे से पंखे पर फंदा लगाकर आत्महत्या की। शुक्रवार दोपहर उसकी छोटी बहन कोचिंग गई हुई थी, जबकि बड़ी बहन बाथरूम में थी। जब वह बाहर आई तो उसने प्रदीप को पंखे से लटका हुआ पाया। उसने तुरंत कैंची से दुपट्टा काटा और मकान मालिक तथा पुलिस को सूचना दी।
परिजन और पुलिस उसे तुरंत एसके अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। प्रदीप ने 3 मई को आयोजित नीट-यूजी 2026 परीक्षा दी थी। उसके पिता राजेश कुमार मेघवाल ने पुलिस को बताया कि बेटे का पेपर काफी अच्छा हुआ था और परिवार को उम्मीद थी कि उसे लगभग 650 अंक मिलेंगे।
परिवार के अनुसार, प्रदीप को विश्वास था कि इस बार उसे सरकारी मेडिकल कॉलेज में सीट मिल जाएगी। लेकिन परीक्षा रद्द होने के बाद वह बेहद परेशान रहने लगा था। परिजनों का कहना है कि लगातार बनी अनिश्चितता के कारण वह डिप्रेशन में चला गया और संभवतः इसी वजह से उसने यह कदम उठाया।
मामलू हो कि नीट-यूजी परीक्षा कुल 720 अंकों की होती है, जिसमें फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी से प्रश्न पूछे जाते हैं। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बाद इस सप्ताह नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द कर दी थी। इस फैसले से देशभर के 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को घोषणा की कि नीट-यूजी की रिएग्जामिनेशन 21 जून को आयोजित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगले वर्ष से यह मेडिकल प्रवेश परीक्षा कंप्यूटर आधारित प्रारूप में कराई जाएगी। इस बीच, राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने छात्र की मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने की घटनाओं ने छात्रों के बीच गहरी चिंता और तनाव पैदा कर दिया है।
सचिन पायलट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “झुंझुनूं जिले के गुढ़ा गौड़जी निवासी और नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र प्रदीप की आत्महत्या बेहद दुखद है। गोवा और उत्तर प्रदेश से भी नीट 2026 पेपर लीक से जुड़ी घटनाओं के बाद छात्रों की आत्महत्या की खबरें बेहद चिंताजनक हैं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।”
यह भी पढ़ें – दिल्ली में नीट की छात्रा घर में मृत पाई गई, सुसाइड की आशंका; पुलिस ने श्मशान घाट पहुंचकर रोका अंतिम संस्कार
नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के आदर्श नगर इलाके से एक 20 वर्षीय नीट छात्रा अपने घर में मृत पाई गई। यह घटना गुरुवार की है, लेकिन शुक्रवार को पुलिस के अधिकारियों ने इस बारे में विस्तृत जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि छात्रा अपने घर में मृत पाई थी। हालांकि उसके पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। शुरुआती जांच में आत्महत्या का ही मामला नजर आ रहा है। पुलिस ने बताया कि लड़की के परिवार के लोग बिना पुलिस को सूचित किए उसका अंतिम संस्कार करने जा रहे थे, तभी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अंतिम संस्कार रोका और बाद की कानूनी कार्रवाई पूरी की। पूरी खबर पढ़ें…
