राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) के री-एग्जाम से पहले तनाव के चलते एक 24 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतका की पहचान रिया कुमारी के रूप में हुई है। वह 21 जून को निर्धारित NEET की पुनर्परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
रिया देहरादून के एक कॉलेज में पढ़ाई करने के साथ-साथ मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी भी कर रही थी। उनके पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं।
कमरा अंदर से बंद मिला
मंगलवार सुबह जब रिया कुमारी की मां ने पटेल नगर स्थित उनके घर में कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया तो उन्होंने अपने पति को इसकी जानकारी दी। इसके बाद दरवाजा तोड़कर खोला गया। अंदर रिया पंखे से लटकी हुई मिलीं। परिजनों ने करीब सुबह 11:30 बजे पुलिस को सूचना दी।
मौके से सुसाइड नोट बरामद
सदर क्षेत्र के सर्किल अधिकारी अंकित कंडारी ने बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है जिसमें रिया ने अपने इस कदम के लिए माफी मांगी है। कंडारी के अनुसार, पत्र में लिखा था, “आई लव यू पापा, मुझे माफ कर दीजिए। इसके लिए किसी और की कोई गलती नहीं है, यह मेरी अयोग्यता की वजह से है।”
पोस्टमार्टम से इनकार, पुलिस करेगी जांच
परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया जिसके बाद मंगलवार को ही रिया का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंकित कंडारी ने कहा, “हम इस बात की जांच करेंगे कि क्या उस पर किसी तरह का दबाव था और क्या वह इसी वजह से मानसिक तनाव में थी।”
इस एरिया की पुलिस चौकी के प्रभारी जयेवीर सिंह ने बताया कि रिया कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं और अक्सर घंटों अपने कमरे में पढ़ाई करती रहती थीं। मंगलवार सुबह जब वह नाश्ते के लिए कमरे से बाहर नहीं आईं तो उनके माता-पिता चिंतित हो गए। परिवार के अनुसार, उन्होंने रिया को आखिरी बार सोमवार रात देखा था, जब वह पढ़ाई कर रही थीं।
नोट: अगर आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, डिप्रेशन या आत्महत्या के विचारों से जूझ रहा है तो कृपया तुरंत परिवार, मित्रों या किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सहायता लें। समय पर मदद जीवन बचा सकती है।

