सीबीआई ने NEET-UG 2026 पेपर लीक के आरोपों में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। एक अन्य प्रमुख आरोपी, महाराष्ट्र के पुणे की वरिष्ठ वनस्पति विज्ञान शिक्षिका मनीषा गुरुनाथ मंधारे को सीबीआई द्वारा गहन पूछताछ के बाद दिल्ली में गिरफ्तार कर लिया गया है।
मनीषा NEET UG 2026 परीक्षा प्रक्रिया में शामिल थीं और उन्हें NTA द्वारा विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त किया गया था। वनस्पति विज्ञान और प्राणी विज्ञान के प्रश्न पत्रों तक उनकी पूरी पहुंच थी। अप्रैल 2026 के दौरान उन्होंने पुणे की मनीषा वागमारे जिन्हें 14 मई को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है) के माध्यम से NEET परीक्षा के संभावित उम्मीदवारों को संगठित किया और अपने पुणे स्थित आवास पर इन छात्रों के लिए विशेष कोचिंग कक्षाएं आयोजित कीं। इन कक्षाओं के दौरान उन्होंने वनस्पति विज्ञान और प्राणी विज्ञान विषयों के विभिन्न प्रश्नों को समझाया और छात्रों को उन्हें अपनी नोटबुक में लिखने और पाठ्यपुस्तकों में चिह्नित करने के लिए कहा। इनमें से अधिकांश प्रश्न 03-05-2026 को आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा के वास्तविक प्रश्न पत्र से मेल खाते थे।
नीट पेपर लीक मामले में 9 आरोपियों की गिरफ्तारी
पिछले 24 घंटों में, सीबीआई ने देश भर में 6 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया और कई आपत्तिजनक दस्तावेज, लैपटॉप, बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त की गई वस्तुओं की जांच जारी है।
इस मामले में अब तक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिलियानगर से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से 5 आरोपियों को अदालत में पेश किया जा चुका है और विस्तृत पूछताछ के लिए 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। कल गिरफ्तार किए गए अन्य 2 आरोपियों को पुणे की अदालत में पेश किया गया और ट्रांजिट रिमांड के बाद दिल्ली भेज दिया गया। उन्हें दिल्ली की अदालत में पेश किया जा रहा है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
यूथ कांग्रेस ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी’ में कथित अनियमितता के मामले को लेकर शनिवार को प्रदर्शन किया और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। युवा कांग्रेस की ओर से जारी बयान के अनुसार, संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में शामिल हुए और जब वे साउथ एवेन्यू से धर्मेंद्र प्रधान के आवास की ओर बढ़ रहे थे, तब पुलिस ने उन्हें रोक दिया और कई लोगों को हिरासत में ले लिया।
इस अवसर पर भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि नीट पेपर लीक के कारण 4 छात्रों की आत्महत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया है। उन्होंने कहा, “लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा है और युवा अपनी जान तक देने को मजबूर हैं, तब सरकार की चुप्पी और लापरवाही अस्वीकार्य है। युवा कांग्रेस अध्यक्ष चिब ने कहा, “युवा कांग्रेस न्याय, जवाबदेही और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करती है। केंद्र सरकार बच्चों को मुआवजा दे। एनटीए परीक्षा करवाने में विफल है इसलिए इसे पूरी तरह से बैन किया जाए।” पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
