आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम के गाजुवाका इलाके में भारतीय नौसेना के एक कर्मी ने रविवार को एक महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी। नौसेना कर्मी ने महिला के शव के टुकड़े-टुकड़े कर सबूत मिटाने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ऑनलाइन एक चाकू खरीदा और शव के टुकड़े किए। इसके बाद शव के कुछ हिस्सों को फ्रिज में रखा और एक स्थान पर सिर और हाथ जला दिए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान ‘आईएनएस डेगा’ पर तैनात चिंतदा रवींद्र के रूप में हुई है। वह 2021 में एक डेटिंग ऐप के माध्यम से मिलने के बाद से महिला पोलिपल्ली मोनिका (28) के संपर्क में था। एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “नौसेना कर्मी रवींद्र ने रविवार को अपने आवास पर विवाद के बाद मोनिका की हत्या कर दी और बाद में शव के टुकड़े-टुकड़े कर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगा दिया।”
महिला और नौसेना कर्मी के बीच थे संबंध
अधिकारी के अनुसार,आरोपी ने बताया कि महिला ने कथित तौर पर उससे 3.5 लाख रुपये लिए थे और उनके रिश्ते का खुलासा उसकी पत्नी से करने की धमकी दे रही थी, जिससे उनके बीच अकसर विवाद होता था। अधिकारी ने बताया कि घटना के दिन आरोपी ने महिला को अपने फ्लैट पर बुलाया था, जहां उनके बीच तीखी बहस हुई और उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
कार सवारों के बीच विवाद: गोलीबारी में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत
वहीं, दूसरी ओर देहरादून में कार सवारों के बीच विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत हो गयी। देहरादून के राजपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह कथित तौर पर रास्ता देने को लेकर दो कार सवारों के बीच विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में सेना के एक सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार घटना मसूरी रोड पर जोहड़ी गांव में सुबह उस समय हुई जब दिल्ली के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक फॉर्च्यूनर कार और उसके पीछे आ रही एक स्कॉर्पियो में सवार लोगों के बीच रास्ता देने को लेकर विवाद हो गया। पुलिस ने बताया कि स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा करते हुए उसके टायर पर गोलियां चलाईं जो सुबह की सैर पर निकले सेना के सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी (74) को लग गईं। पुलिस ने बताया कि जोशी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई।
रास्ता देने को लेकर विवाद
पुलिस के मुताबिक, टायर पर गोली लगने से फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर जोहड़ी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो कार में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर सवार लोगों के साथ मारपीट की और गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में फॉर्च्यूनर कार में सवार दो लोग घायल हो गए जिन्हें उनके साथियों ने अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद स्कॉर्पियो में सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल सहित अन्य अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और अस्पताल जाकर पीड़ितों से जानकारी ली। देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पूरे जिले में नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने कहा कि आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
पढ़ें: आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज 30 मार्च 2026 LIVE
(इनपुट-भाषा)
