नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) ने आरोप लगाया है कि बीजेपी ने श्रीनगर से लोकसभा के पूर्व सांसद आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी को पार्टी से अलग करने में सफलता हासिल करके ‘ऑपरेशन लोटस’ पूरा कर लिया है। मेहदी ने मंगलवार को एनसी के साथ-साथ लोकसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था।
एनसी के नेता और हजरतबल से विधायक सलमान सागर ने श्रीनगर में पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”भारी मन से, खुशी से नहीं, क्योंकि वह नेशनल कॉन्फ्रेंस के टिकट पर निर्वाचित सांसद थे, मैं कहता हूं कि बीजेपी आगा रुहुल्ला को पार्टी से अलग करने में सफल रही है।”
इस मौके पर बनिहाल से विधायक सज्जाद शाहीन भी मौजूद थे।
सलमान सागर ने आरोप लगाया कि मेहदी उन ताकतों के साथ जा मिले हैं, जो पिछले 80-90 सालों से एनसी को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं।
हमारे नेतृत्व को जेल में डाला गया- सलमान सागर
सलमान सागर ने कहा, ”खासकर पिछले पांच से आठ सालों में (साल 2018 के बाद से) हमारे नेतृत्व को जेल में डाला गया। पूर्व मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों सहित वरिष्ठ नेताओं को जन सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत हिरासत में लिया गया। जेल में बंद लोगों को सिर्फ इसलिए सजा दी गई क्योंकि वे जनता का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।”
जम्मू-कश्मीर में चल रही सरकार की अगुवाई कर रही नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक ने कहा कि बीजेपी इससे पहले जम्मू में देवेंद्र सिंह राणा और सुरजीत सिंह सलाथिया को अपने पाले में लाने में सफल रही थी और अब उसने कश्मीर घाटी में ‘ऑपरेशन लोटस’ को अंजाम देने में सफलता हासिल की है।
सागर ने कहा, ”राणा अब इस दुनिया में नहीं हैं और सलाथिया बीजेपी के विधायक हैं। बीजेपी वहां सफल रही और अब आगा साहब को भी अपने साथ ले जाने में सफल हो गई।
सागर ने आरोप लगाया कि ‘ऑपरेशन लोटस’ के तहत देशभर में सांसदों को निशाना बनाकर पार्टियों को तोड़ने की कोशिश की जाती है और इसे अब कश्मीर में भी अंजाम दिया गया है। उन्होंने कहा, ”आज आगा साहब की मदद से बीजेपी का एजेंडा पूरा हो गया है। यह नेशनल कॉन्फ्रेंस और जम्मू-कश्मीर की जनता के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”
यह भी पढ़ें- क्या रुहुल्लाह मेहदी की वजह से कश्मीर में बटेंगे मुस्लिम वोट?
श्रीनगर के सांसद आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी ने मंगलवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस और संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से इस्तीफा दे दिया है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पार्टी नेतृत्व के साथ लगातार मतभेदों के बीच उन्होंने यह कदम उठाया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
