Nasik TCS Case News: महाराष्ट्र के नासिक टीसीएस मामले में 1,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की गई है। इस चार्जशीट में निदा खान से लेकर दानिश खान तक कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि व्हाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्ड्स से पूरे नेटवर्क को लेकर कई अहम खुलासे हुए हैं।

एसआईटी द्वारा दायर चार्जशीट में बताया गया है कि महिला कर्मचारियों से पहले दोस्ती और भरोसे का रिश्ता बनाया जाता था। इसके बाद उन पर मानसिक दबाव डाला जाता था और फिर कथित तौर पर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जाता था। कई पीड़ितों ने दावा किया है कि यदि वे इसका विरोध करती थीं तो उन्हें नौकरी और करियर बर्बाद करने की धमकी दी जाती थी। साथ ही बदनामी का डर भी दिखाया जाता था।

SIT को क्या-क्या पता चला?

एसआईटी की जांच में यह भी सामने आया है कि सभी आरोपी एक-दूसरे से व्हाट्सएप के जरिए जुड़े हुए थे। इन्हीं तथ्यों को आधार बनाकर जांच एजेंसी ने निष्कर्ष निकाला है कि पूरे मामले को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया।

जानकारी के लिए बता दें कि इस मामले में दानिश एजाज शेख, निदा एजाज खान, तौसीफ बिलाल अख्तर और मतीन माजिद पटेल मुख्य आरोपी हैं। इनके अलावा कुछ अन्य लोगों के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। एसआईटी ने अपनी चार्जशीट में पीड़िताओं के बयानों का भी उल्लेख किया है जिनमें छेड़छाड़, मानसिक उत्पीड़न और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसी घटनाओं का जिक्र किया गया है।

इससे पहले 22 मई को भी एसआईटी को एक बड़ी सफलता मिली थी। देवलाली कैंप पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले में 1,500 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल की गई थी। उस चार्जशीट में दानिश एजाज शेख, तौसीफ बिलाल अख्तर, निदा खान और मतीन माजिद पटेल को मुख्य आरोपी बनाया गया था।

पूरा विवाद कब शुरू हुआ?

इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई थी जब नासिक स्थित टीसीएस कंपनी की कुछ महिला कर्मचारियों ने शोषण के आरोप लगाए थे। महिलाओं का दावा था कि उन पर लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि उन पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला गया।

मामले की जांच अब केवल आरोपियों तक सीमित नहीं है। जांच एजेंसी उन लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है, जिन्होंने कथित तौर पर आरोपियों की मदद की थी। इसी कड़ी में एआईएमआईएम के कॉरपोरेटर मतीन पटेल से भी पुलिस पूछताछ कर चुकी है। आरोप है कि उन्होंने गिरफ्तारी से बच रही आरोपी निदा खान को पनाह दी थी।

ये भी पढ़ें- निदा खान छत्रपति संभाजीनगर से गिरफ्तार