TCS Conversion Racket Case: नासिक की टीसीएस कंपनी में धर्मांतरण मामले में आरोपी निदा खान को संभाजीनगर से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई नासिक और छत्रपति संभाजीनगर शहर पुलिस के संयुक्त अभियान में की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने शहर के नाइगांव इलाके में जाल बिछाकर निदा खान को गिरफ्तार कर लिया। मामला सामने आने के बाद से वह फरार थी और नासिक पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच, आज शाम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए निदा खान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद निदा खान को आगे की पूछताछ के लिए नासिक पुलिस के हवाले कर दिया गया है। कल उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।

25 दिनों से तलाश कर रही थी पुलिस

दरअसल, नासिक पुलिस की स्पेशल टीम पिछले 25 दिनों से निदा खान की तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए निदा खान ने अग्रिम जमानत लेने की भी कोशिश की थी, लेकिन इस महीने की शुरुआत में उसकी याचिका खारिज कर दी गई थी। सुनवाई के दौरान, अभियोजन पक्ष ने तर्क दिया कि हिरासत में पूछताछ बहुत जरूरी है क्योंकि जांच में डिजिटल एविडेंस, गवाहों के बयान और नासिक से परे कथित संबंध सामने आए हैं।

नासिक पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में मामले की जांच कर रही एसआईटी ने अदालत को बताया था कि खान ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता को विशिष्ट धार्मिक प्रथाओं से परिचित कराया, उसे हिजाब और बुर्का पहनने के लिए प्रोत्साहित किया और उसके साथ धार्मिक सामग्री और मोबाइल एप्लिकेशन शेयर किए।

अभियोजकों ने आगे दावा किया था कि शिकायतकर्ता का नाम बदलने की योजना थी और सह-आरोपियों ने कथित तौर पर पीड़िता से जुड़े अहम दस्तावेजों पर कब्जा कर लिया था। एसआईटी ने अदालत को यह भी बताया था कि जांच का दायरा बढ़ाकर मालेगांव और यहां तक ​​कि मलेशिया से संभावित संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने निदा खान के पति से की थी पूछताछ

पुलिस ने निदा खान के पति से पूछताछ के बाद उन जगहों पर पहले ही छापा मारा था जहां निदा खान के छिपे होने का शक था। हालांकि, पुलिस को परिसर बंद मिला, जबकि खान और कुछ रिश्तेदारों के मोबाइल फोन कथित तौर पर बंद थे।

टीसीएस ने क्या कार्रवाई की?

उत्पीड़न और जबरदस्ती के गंभीर आरोपों के जवाब में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज ने नासिक स्थित अपना बीपीओ ऑफिस बंद कर दिया और कर्मचारियों को घर से काम करने की सलाह दी। कंपनी ने आरोपों में शामिल कर्मचारियों को निलंबित भी कर दिया और अपने चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर के नेतृत्व में एक आंतरिक जांच शुरू की। पढ़ें पूरी खबर…