मध्यप्रदेश का दतिया इन दिनों राजनीतिक हलचल के कारण सुर्खियों में बना हुआ है। यहां 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव को लेकर माहौल गर्म है लेकिन चर्चा चुनाव से ज्यादा बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को लेकर हो रही है। दतिया विधानसभा सीट से तीन बार विधायक रह चुके नरोत्तम मिश्रा का इस बार टिकट कटने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है। टिकट नहीं मिलने के बाद उनके समर्थकों में नाराजगी देखने को मिली और इसी वजह से दतिया की सियासत में उनका नाम लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।

2023 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद भी नरोत्तम मिश्रा ने क्षेत्र में अपनी सक्रियता बनाए रखी थी और अगले चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए थे। इसी बीच कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता खत्म होने के बाद मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर उपचुनाव की स्थिति बनी। सभी की निगाहें इस बात पर थीं कि बीजेपी किसे मैदान में उतारेगी और पार्टी ने नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बना दिया।

खबरों में आने के बाद लोग नरोत्तम मिश्रा के बारे में ज्यादा जानकारी सर्च कर रहे हैं। हम आपको बता रहे हैंं कि बीजेपी नेता कितने अमीर हैं? उनके पास कितनी संपत्ति है?

करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं नरोत्तम मिश्रा

नरोत्तम मिश्रा और उनकी पत्नी के पास करोड़ों रुपये की संपत्ति है। चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनके नाम पर सोने-चांदी के आभूषणों से लेकर जमीन और अन्य संपत्तियां दर्ज हैं।

MyNeta पर उपलब्ध 2023 के चुनावी हलफनामे के मुताबिक, नरोत्तम मिश्रा ने अपनी कुल संपत्ति करीब 6.84 करोड़ रुपये बताई थी। वहीं उनकी पत्नी के नाम पर 3 करोड़ रुपये से ज्यादा की चल और अचल संपत्ति दर्ज है। दोनों की कुल संपत्ति करीब 10 करोड़ रुपये है।

नरोत्तम मिश्रा के चुनावी हलफनामे के मुताबिक, साल 2019-20 में उनकी आय 13,89,615 लाख रुपये थी। 2020-21 में इनकम 8,08,020 लाख रुपये, 2021-22 में 11,74, 580 रुपये, 2022-23 में 2 करोड़ 79 लाख 78 हजार 610 रुपये थी। जबकि साल 2023-24 में यह घटकर 16 लाख 25 हजार 490 रुपये रह गई थी।

नरोत्तम मिश्रा की चल संपत्ति

साल 2023 में दिए गए हलफनामे के मुताबिक, नरोत्तम मिश्रा के पास कुल 50 हजार रुपये जबकि उनकी पत्नी के पास 25000 रुपये कैश थे। पति-पत्नी के सभी बैंक अकाउंट में कुल 89 लाख रुपये से ज्यादा की रकम जमा थी।

खास बात है कि दोनों के पास कोई दोपहिया या कार नहीं है।

बीजेपी नेता ने अपने पास 21 तोला गोल्ड होने की जानकारी दी थी। जबकि उनकी पत्नी के पास कुल 56 तोला से ज्यादा सोने-चांदी के गहने हैं। मौजूदा सोने के रेट के हिसाब से इसकी वैल्यू करीब 87 लाख रुपये के आसपास है। इसके अलावा नरोत्तम मिश्रा ने अपने पास 75000 रुपये की कीमत वाली एक रिवॉल्वर होने की जानकारी भी दी थी।

नरोत्तम मिश्रा की अचल संपत्ति

चुनावी हलफनामे में नरोत्तम मिश्रा ने अपने नाम पर चार अलग-अलग जगहों पर कुल 23.58 एकड़ की कृषि भूमि होने की जानकारी दी है। 2023 के चुनावी हलफनामे के मुताबिक, नरोत्तम मिश्रा की संपत्तियों में जमीन और मकान भी शामिल हैं। उनकी गैर-कृषि भूमि की कीमत करीब 167 लाख रुपये यानी लगभग 1.67 करोड़ रुपये बताई गई थी।

अगर आवासीय संपत्ति की बात करें तो नरोत्तम मिश्रा के नाम पर मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित जवाहरगंज डाबर इलाके में 2700 वर्गफीट का एक घर दर्ज है। हलफनामे के अनुसार, इस मकान की कीमत 75 लाख रुपये से अधिक बताई गई थी।

वहीं उनकी पत्नी गायत्री मिश्रा के नाम पर कोई कृषि भूमि दर्ज नहीं है। हालांकि, उनके नाम पर भोपाल की अरेरा कॉलोनी में एक आवासीय मकान रजिस्टर्ड है। यह घर 4853 वर्गफीट क्षेत्रफल में बना हुआ है जिसकी कीमत चुनावी हलफनामे में 3 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई है।

गौर करने वाली बात है कि नरोत्तम मिश्रा ने अपने हलफनामे में किसी भी तरह की देनदारी नहीं दिखाई है। आपको बता दें कि डॉक्टर मिश्रा ने चार बार चुनाव लड़ा है और चारों बार बीजेपी के टिकट पर मैदान में उतरे थे। उन्होंने 1998 जीवाजी यूनिवर्सिटी ग्वालियर, मध्य प्रदेश से डॉक्टरेट यानी PhD की डिग्री ली थी।

दतिया उपचुनाव के लिए भाजपा ने क्यों साइडलाइन किया नरोत्तम मिश्रा का नाम?

मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा को शुक्रवार शाम तब झटका लगा जब भाजपा ने दतिया उपचुनाव के मद्देनजर उनका टिकट काट दिया और आशुतोष तिवारी के नाम की घोषणा कर दी। कहा जा रहा कि नरोत्तम मिश्रा ने महीनों तक पार्टी के नाराज नेताओं के साथ बातचीत की और अपने समर्थन के लिए अलग-अलग जाति समूहों के साथ कई बैठक भी की। 30 जुलाई को दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं। इस सीट से चुनाव में उतरने के लिए उन्होंने लीडरशिप से भी संपर्क बनाए रखा ताकि वह अपनी राजनीति में दोबारा वापसी कर सकें। पढ़ेंं पूरी खबर