Narottam Mishra in Delhi: मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री और बीजेपी के दिग्गज नेता नरोत्तम मिश्रा को दतिया उपचुनाव में टिकट नहीं दिया गया तो बीजेपी में आंतरिक टकराव देखने को मिला। इसको लेकर नरोत्तम मिश्रा गुट के बीजेपी कार्यकर्ताओं ने काफी बवाल किया। इसके बाद रविवार को नरोत्तम ने दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस बाद उन्होंने अपने समर्थकों के लिए अहम संदेश भी दिया।
नरोत्तम मिश्रा ने राजधानी दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात के बाद कहा कि उनकी और किसी से कोई बात नहीं की है। उन्होंने कहा कि जो भी जिम्मेदारी पार्टी द्वारा दी जाएगी, उसे निभाया जाएगा और पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए काम किया है।
‘BJP में ही मरूंगा’
दतिया सीट से उपचुनाव में टिकट न मिलने और बवाल के बाद नरोत्तम मिश्रा ने जब अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की, तो यह स्पष्ट कर दिया कि वे बीजेपी से कहीं भी जाने नहीं वाले हैं। उन्होंने कहा, “मेरा जन्म बीजेपी में हुआ है, और बीजेपी में ही मैं मरूंगा।”
नरोत्तम मिश्रा ने कहा, “यह तो तय हो गया कि मेरा कद बड़ा नहीं है, पार्टी बहुत ऊपर होती है।” साथ ही उन्होंने साफ किया कि उन्हें किसी तरह का कोई भरोसा नहीं दिया गया है और न ही उन्होंने कोई भरोसा मांगा है। उन्होंने कहा, “मैं पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर काम करता रहूंगा।” पूर्व गृह मंत्री ने साफ कहा कि वह बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के साथ पूरी मजबूती से खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा, “मैं आशुतोष तिवारी के नामांकन में रहूंगा।”
आत्मचिंतन करने की कही बात
नरोत्तम मिश्रा ने पार्टी के फैसले को लेकर किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। उन्होंने कहा कि वे किसी को दोष नहीं देंगे। उनके अंदर ही कोई कमी होगी, जिसकी वजह से पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। उन्होंने कहा कि वे अब इस मुद्दे पर आत्म चिंतन करेंगे।
गौरतलब है कि दतिया विधानसभा पर उपचुनाव होने हैं। कांग्रेस विधायक की सदस्यता जाने की वजह से यह सीट खाली हुई थी। 2023 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस नेता राजेंद्र भारती जीते थे। नरोत्तम मिश्रा पिछली सरकार में गृहमंत्री थे लेकिन वे अपनी ही सीट से चुनाव हार गए थे।
दतिया में उपचुनाव के चलते उम्मीद की जा रही थी, कि नरोत्तम को ही टिकट मिलेगा, लेकिन बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को टिकट देकर सभी चौंका दिया है।
यह भी पढ़ें: दतिया उपचुनाव: BJP से ‘मायूस’ नरोत्तम मिश्रा को उद्धव ठाकरे की पार्टी ने दिया उम्मीदवारी का ऑफर
मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए टिकट न देने के बीजेपी के फैसले के बाद उनके समर्थकों ने हिंसक विरोध-प्रदर्शन किया था। इसके एक दिन बाद शनिवार को शिवसेना यूबीटी ने उन्हें अपनी पार्टी से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया। पढ़िए पूरी खबर…
