प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में एक जनसभा संबोधित की। जनसभा के दौरान उन्होंन में चुनाव में प्रचंड जीत की हुंकार भरी। साथ ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि बंगाल के लोगों में जो ऊर्जा मैं देख रहा हूं, उससे मुझे यकीन हो गया है कि तृणमूल कांग्रेस की हार निश्चित है।
पीएम मोदी ने कहा, “तृणमूल कांग्रेस ने अपने 15 साल के कार्यकाल में पश्चिम बंगाल को तबाह कर दिया। टीएमसी सरकार ने मदरसों के लिए 6,000 करोड़ रुपये आवंटित किए, लेकिन पूरे उत्तर बंगाल के लिए पर्याप्त धन नहीं दिया गया। यह पार्टी आदिवासी-विरोधी, महिला-विरोधी और युवा-विरोधी पार्टी है।”
उन्होंने कहा, “टुकड़े-टुकड़े गैंग, जिन्होंने सिलीगुड़ी गलियारे को काटने की धमकी दी थी। तृणमूल कांग्रेस ने उन्हें संसद भेजकर पुरस्कृत किया।
पूर्वोत्तर के प्रवेश द्वार के रूप में कार्य करने वाले सिलीगुड़ी गलियारे के विकास के लिए केंद्र कार्य कर रहा है। डबल इंजन की सरकार के साथ बंगाल में विकास की गति दोगुनी हो जाएगी।”
जनसभा संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार ने केंद्रीय योजनाओं में बाधा डाली। यहां पर 25 प्रतिशत से भी कम काम पूरा हुआ है। घुसपैठ के कारण उत्तर बंगाल में बड़ा जनसांख्यिकीय परिवर्तन हो रहा है।”
इधर, राज्य की सीएम ममता बनर्जी ने पीएम मोदी के वार का पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को हराने के लिए 1,000 करोड़ रुपये में सौदा किया। उन्होंने यह बात आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर के वीडियो का जिक्र करते हुए कहा।
ममता बनर्जी ने बांकुड़ा में चुनावी रैली में कहा कि पश्चिम बंगाल में तलाश अभियान के नाम पर केंद्रीय बल महिलाओं से ‘अपमानजनक व्यवहार’ कर रहे हैं। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में इसी महीने विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है। इस बार चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे।
पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल 2026 को होगा, जिसमें 152 सीटों पर वोट डाले जाएंगे, जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल 2026 को 142 सीटों पर संपन्न होगा। सभी वोटों की गिनती 4 मई 2026 को की जाएगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 6 मई 2026 तक पूरी कर ली जाएगी। पिछले चुनाव की तुलना में इस बार चरणों की संख्या कम रखी गई है, जिससे प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने की कोशिश की गई है।
