मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रोटेस्ट होना है। दिल्ली में कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बावजूद भी जंतर-मंतर के आसपास लोगों की भीड़ का पहुंचना शुरू हो चुका है। इस बीच CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके भी प्रोटेस्ट में शामिल होने के लिए मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। दीपके के साथ आशुतोष रांका भी दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।

दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले अभिजीत दीपके ने मुंबई एयरपोर्ट पर मीडिया से बात की और इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तानाशाह बताया। उन्होंने कहा, “नरेंद्र मोदी एक तानाशाह है।” दीपके ने मुंबई छोड़ने से पहले आज इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट भी की जिसमें उन्होंने कहा कि जिंदगी जीने के दो ही तरीके होते हैं, एक जो हो रहा है होने दो बर्दाश्त करते जाओ या फिर जिम्मेदारी उठाओ उसे बदलने की।

‘देश के लोगों के खिलाफ जंग छेड़ना चाहते हैं प्रधानमंत्री’

दीपके ने कहा है, “मुझे हैरानी है कि इस देश के प्रधानमंत्री देश के युवाओं और लोगों से इतने डरे हुए क्यों हैं। रेलवे सेवा और मेट्रो सेवा को बंद करने की क्या जरूरत थी? उन्होंने इंटरनेट काट दिया है और सड़कें ब्लॉक कर दी हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से आर्मी बुलाकर दिल्ली में तैनात कर दी है। उन्होंने नक्सल प्रभावित इलाकों से CRPF फोर्स बुलाकर दिल्ली में तैनात कर दी है। क्या नरेंद्र मोदी और अमित शाह अपने ही देश के लोगों के खिलाफ जंग छेड़ना चाहते हैं? क्या ज्ञानेश कुमार उन्हें इतने प्यारे हैं कि वे अपनी पुलिस और आर्मी फोर्स को अपने ही नागरिकों पर उतार देंगे?”

‘प्रोटेस्ट हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है’

दीपके ने आगे कहा है, “प्रधानमंत्री डरे हुए हैं, उन्हें डर है कि इस देश के लोग इसके बाद उन्हें वोट नहीं देंगे। इसीलिए, सिर्फ सत्ता पर काबिज रहने के लिए, वे लोगों को ट्रेनों से उठा रहे हैं। सोसाइटियों में अनाउंसमेंट करके लोगों को प्रोटेस्ट में शामिल न होने की चेतावनी दी जा रही है। दिल्ली पुलिस घर-घर जाकर लोगों से प्रोटेस्ट में शामिल न होने के लिए कह रही है लेकिन हम क्यों न करें? प्रोटेस्ट करना हमारा लोकतांत्रिक आधिकारी है।”

एयरपोर्ट पर अरेस्ट हो सकते हैं दीपके

न्यूज एजेंसी ANI से बात करते वक्त दीपके से जब पूछा गया कि उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया जा सकता है तो इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अगर वे मुझे हिरासत में लेना या अरेस्ट करना चाहते हैं, तो उन्हें करने दें। मैं इसके लिए तैयार हूं। मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। दीपके ने कहा कि UAPA लगाओ, NSA लगाओ—आगे बढ़ो और करो। लेकिन हम आजाद और निष्पक्ष चुनाव और इस देश की डेमोक्रेसी को बचाने के लिए लड़ते रहेंगे।

दिल्ली में 35 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

सीजेपी के प्रोटेस्ट के लिए शनिवार सुबह से ही कनॉट प्लेस इलाके में प्रदर्शनकारियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, लेकिन इस बीच पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया है। प्रदर्शन से पहले कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और केंद्रीय गृह सचिव द्वारा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के निर्देश के बीच 35,000 से अधिक पुलिसकर्मी दिल्ली में तैनात हैं।

जंतर-मंतर के आसपास धारा 163 लागू

बता दें कि दिल्ली में सीजेपी के प्रोटेस्ट को रोकने और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सरकार ने कड़े आदेश लागू किए हैं। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में धारा 163 लागू की हुई है। साथ ही पुलिस की ओर से जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट की अनुमति नहीं दी गई है। इसके बाद भी जो कानून का उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में 57 नहीं अब 45 मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद, सड़क मार्ग को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी

सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद सरकार ने दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशन बंद रखने के आदेश को वापस ले लिया है और रिवाइज कर 45 स्टेशन बंद रखने का नया अपडेट जारी किया है। सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से मेट्रो स्टेशन पूर्णत: बंद रखने के आदेश पर दोबारा विचार करने को कहा था। इधर सड़क मार्ग को लेकर भी एडवाइजरी जारी की गई है। पुलिस ने 10 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से रूट डायवर्जन की भी जानकारी दी है। यहां पढ़ें पूरी खबर…