सीजेपी का प्रदर्शन खत्म हो गया है लेकिन संसद में छात्रों के ऊपर हुए बल प्रयोग पर गतिरोध जारी है। कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने सोमवार को कहा, “आप नौजवानों पर पैलेट चलाएं और सोचें कि संसद में उनकी आवाज नहीं उठेगी तो गलत है।”

उन्होंने कहा कि जब तक गृह मंत्री सदन में आकर बयान नहीं देंगे, तब तक कांग्रेस अपनी मांग उठाती रहेगी।

केंद्र सरकार द्वारा नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में गठित परीक्षा सुधारों पर एक उच्च-स्तरीय टास्क फोर्स बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बीजेपी को कांग्रेस के बिना सहारा नहीं मिलता। पवन खेड़ा ने कहा कि इनके कई मुख्यमंत्री मूल रूप से कांग्रेस पार्टी से आए हैं।

उन्होंने दावा किया कि बिना कांग्रेस नरेंद्र मोदी सांस भी नहीं ले सकते, वे नेहरू से शुरू करते हैं नंदन नीलेकणी तक आ जाते हैं। पवन खेड़ा ने दावा किया कि पीएम नरेंद्र मोदी का इकबाल खत्म हो गया है, छोटे-छोटे बच्चे उनकी हंसी उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नैतिक ताकत खत्म हो चुकी है।

महेश जेठमलानी द्वारा सीजेपी की फंडिंग उठाए गए सवाल पर उन्होंने कहा कि महेश जेठमलानी मुंह बंद रखें, शांत रहें, इसमें उन्हीं का लाभ है। उनकी पार्टी का लाभ है, सही वक्त पर बोलना अच्छा रहता है, गलत वक्त पर बोलने में नुकसान होता है।

धर्मेंद्र प्रधान आज भी बीजेपी के हीरो- पवन खेड़ा

पवन खेड़ा ने कहा कि बीजेपी के लिए धर्मेंद्र प्रधान आज भी हीरो हैं क्योंकि उन्होंने शिक्षा मंत्री के तौर पर RSS के एजेंडा को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने RSS के लोगों को सब जगह वीसी बनाया। वह आरएसएस का हीरो है लेकिन देश की सड़कों पर धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की क्या छवि है, ये देश के लोगों ने देख लिया।

यह भी पढ़ें: इसरो चीफ से लेकर आईबी डायरेक्टर तक, एग्जाम रिफॉर्म टास्क फोर्स में इन 6 सदस्यों को मिली है जगह

हाई-पावर्ड टास्क फ़ोर्स में ISRO के पूर्व चेयरमैन एस सोमनाथ, इंटेलिजेंस ब्यूरो के डायरेक्टर तपन डेका, IIT मद्रास के डायरेक्टर वी कामकोटी, पूर्व स्कूल एजुकेशन सेक्रेटरी अनीता करवाल और हायर एजुकेशन सेक्रेटरी अमृत लाल मीणा शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।