पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में मंगलवार को वोटिंग के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान ने आरोप लगाया कि उनके पोलिंग एजेंट को वहां से ले जाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इलाके में पिछले दो दिनों से ‘गुंडे’ सक्रिय हैं।

पत्रकारों से बात करते हुए प्रधान ने कहा कि उपचुनाव में लोगों का वोट देना उनका अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पोलिंग एजेंट को उठा लिया गया है। प्रधान के मुताबिक, उन्होंने इसकी जानकारी चुनाव कार्यालय को दी है। लेकिन वहां से ज्यादा प्रतिक्रिया नहीं मिली।

वहीं नंदनायकबार प्राइमरी स्कूल के बूथ नंबर 79 के पीठासीन अधिकारी आलोक बाग ने कहा कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। उन्होंने बताया कि बूथ पर सभी जरूरी तैयारियां और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।

आलोक बाग ने कहा कि मतदान में कोई परेशानी नहीं है और पिछले दिन से सब कुछ शांतिपूर्ण है। मॉक पोल के बाद मतदान शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भी इसी बूथ के मतदाता हैं और यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बूथ पर वेबकास्टिंग की जा रही है और यहां कुल 709 मतदाता हैं। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा।

तीन राज्यों की पांच विधानसभा सीटों के लिए चुनाव

मंगलवार को पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी की पांच विधानसभा सीटों के साथ असम की एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है।

पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहा है। नंदीग्राम सीट मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के विधानसभा चुनाव में दो सीटों से जीतने के बाद खाली हुई थी। उन्होंने बाद में दूसरी सीट अपने पास रखी।

वहीं रेजीनगर सीट AJUP के संस्थापक हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। कबीर ने नवदा सीट से भी विधानसभा चुनाव जीता था।

उपचुनाव के वोटों की गिनती 9 अक्टूबर को होगी। चुनाव आयोग के अनुसार, पूरी चुनाव प्रक्रिया 11 अक्टूबर से पहले पूरी कर ली जाएगी।

वोटिंग के बीच हंगामा, AJUP विधायक हुमायूं कबीर को पुलिस ने हिरासत में लिया

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर को मंगलवार को पुलिस ने पार्टी दफ्तर से हिरासत में लिया। उस समय रेजीनगर सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग चल रही थी।

इससे पहले हुमायूं कबीर ने रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव में अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कई बूथों पर वोटिंग प्रक्रिया में दखल दे रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पिछले दो महीनों में 64 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पढ़ें पूरी खबर…