दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर अब हमारे बीच नहीं हैं। लेकिन फिल्मों के साथ-साथ उनके बेबाक बयानों और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर बोलने के किस्से हमेशा याद किए जाएंगे। ऐसा ही एक बयान उन्होंने शरद पवार को लेकर दिया था और कहा था कि वह पवार को देश का प्रधानमंत्री बनते देखना चाहते थे।
आपको बता दें कि गुरुवार सुबह गोवा के अपने घर में दिग्गज फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर बेहोश पाए गए थे और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
नाना पाटेकर ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था लंबे समय से चली आ रही है और इसमें कांग्रेस के योगदान को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इसी दौरान उन्होंने 1996 के राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए शरद पवार के प्रधानमंत्री न बन पाने पर अपनी बात रखी थी।
नाना ने कहा था कि जब एच. डी. देवगौड़ा देश के प्रधानमंत्री बन सकते हैं तो शरद पवार क्यों नहीं बन सकते? उन्होंने कहा था कि उस समय पवार प्रधानमंत्री बनने के काफी करीब थे लेकिन वह मौका उनके हाथ से निकल गया।
‘कांग्रेस ने भी देश के लिए काम किया है’
कांग्रेस के स्थापना दिवस से जुड़े एक कार्यक्रम में नाना पाटेकर ने लोकतंत्र को लेकर भी अपनी राय रखी थी। उन्होंने कहा था कि यह कहना सही नहीं होगा कि कांग्रेस ने अपने शासन के दौरान देश के लिए कोई काम नहीं किया। उनके मुताबिक, देश में लोकतंत्र के लंबे समय तक बने रहने में कांग्रेस की भूमिका को भी स्वीकार करना चाहिए।
किसानों की बात भी करते थे नाना
नाना पाटेकर सिर्फ राजनीति पर अपनी राय रखने के लिए ही नहीं जाने जाते थे। वह किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी लगातार आवाज उठाते रहे। उन्होंने कहा था कि किसानों को उनकी फसल और मेहनत का उचित दाम मिलना चाहिए।
नाना ने बॉलीवुड और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों को पद्म पुरस्कार दिए जाने पर भी सवाल उठाया था। उनका मानना था कि ऐसे सम्मान उन लोगों को मिलने चाहिए जिन्होंने समाज और देश के लिए जमीन पर रहकर महत्वपूर्ण काम किया है।
यूपी की कानून व्यवस्था के फैन हो गए थे नाना
यह किस्सा इसी साल अगस्त महीने का है जब नाना पाटेकर लखनऊ में यूपी पुलिस के थीम सॉन्ग ‘खाकी का सितारा’ के लॉन्च कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसी कार्यक्रम में नाना पाटेकर ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की जमकर तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि इतने बड़े विविधताओं वाले प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखना आसान नहीं है। उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को प्रशासन ने सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया और आज इसके पॉजिटिव नतीजे देखने को मिले हैं।
