Nagpur Blast News: नागपुर जिले के कलमेश्वर तालुका के राउलगांव में एसबीएल एनर्जी लिमिटेड कंपनी में भीषण धमाका हुआ है। इसमें कम से कम 16 मजदूर मारे गए हैं और 18 अन्य घायल हो गए हैं। नागपुर ग्रामीण के एसपी हर्ष पोद्दार ने हताहतों की पुष्टि की और कहा कि घायलों को पास के अस्पतालों में ले जाया जा रहा है। विस्फोट के सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। बचाव अभियान जारी है और जांच शुरू कर दी गई है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच हुआ। राउलगांव स्थित एसबीएल एनर्जी कंपनी में खनन में इस्तेमाल होने वाले डेटोनेटर और अन्य विस्फोटक पदार्थों का निर्माण होता है। मजदूर जब हमेशा की तरह काम पर लौट रहे थे, तभी डेटोनेटर निर्माण प्रक्रिया के दौरान अचानक एक जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। धमाका इतना जोरदार था कि यूनिट का कुछ हिस्सा ढह गया और आसमान में धुएं का एक विशाल गुबार उठता हुआ नजर आया।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, विस्फोट के समय प्रभावित क्षेत्र में 25 से 30 मजदूर मौजूद थे। आग और मलबे के कारण आशंका बनी हुई है कि कुछ मजदूर अभी भी अंदर फंसे हो सकते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने और फंसे हुए मजदूरों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर प्रयास जारी हैं।

ग्रामीणों में दहशत का माहौल

इस भीषण विस्फोट से राउलगांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल छा गया है। कई ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए थे। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की है। इस बीच, घायल मजदूरों के परिवार अस्पताल पहुंच गए हैं और उनकी हालत के बारे में आधिकारिक जानकारी का इंतजार कर रहे हैं। इस घटना ने कटोल तालुका को झकझोर दिया है और विस्फोटक कारखानों में सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “नागपुर जिले के राउलगांव में विस्फोटक कारखाने में हुआ विस्फोट अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद है। मैं स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूं। जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं। राहत कार्य तेज कर दिया गया है और अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है। मैं मृतकों को अपनी गहरी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं।”

यह भी पढे़ं: 12 साल बाद मां-बेटी का मिलन, नागपुर मानसिक अस्पताल में छलके आंसू

महाराष्ट्र से एक दिल छू लेने वाली खबर सामने आयी है जहां एक बिछड़ी मां-बेटी का 12 साल बाद मिलन हुआ। सोमवार को क्षेत्रीय मानसिक अस्पताल में यह भावुक मिलन हुआ जब मनोरोग का इलाज करा रही एक महिला लगभग 12 साल के बाद अपनी सबसे बड़ी बेटी से मिली। नागपुर के क्षेत्रीय मानसिक अस्पताल में पुनर्वास कर रही यह महिला एक दशक से अधिक समय से अपने बच्चों से अलग थीं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…