असम की नगांव लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। कांग्रेस की ओर से 24 अगस्त से लेकर 28 अगस्त के बीच इच्छुक और पात्र उम्मीदवारों के आवेदन आमंत्रित किए हैं। पार्टी ने आवेदन के साथ 1 लाख रुपये का निर्धारित शुल्क भी तय किया है जो कि वापस नहीं किया जाएगा।

सोमवार (24 अगस्त 2026) को नगांव लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की तैयारियां शुरू करते हुए पार्टी ने टिकट के इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए जाने की घोषणा की है। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के अध्यक्ष गौरव गोगोई के निर्देश पर चुनाव लड़ने के इच्छुक पार्टी सदस्यों से औपचारिक रूप से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिन्हें 28 अगस्त तक अपना आवेदन जमा कराना है।

क्या कहा गया है पार्टी की ओर से ?

एपीसीसी के महासचिव (संगठन) रमन्ना बरुआ की ओर से जारी बयान के मुताबिक, कांग्रेस के जो सदस्य टिकट के लिए नामांकन चाहते हैं, उन्हें निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना होगा और एक लाख रुपये का गैर-वापसी योग्य आवेदन शुल्क जमा करना होगा। बयान में कहा गया कि आवेदन प्रक्रिया 24 अगस्त से शुरू हो गई है और आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 28 अगस्त है।

इस सीट पर क्यों हो रहा उपचुनाव?

नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव कांग्रेस के पूर्व नेता प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद हो रहा है। उन्होंने इसी साल मार्च में कांग्रेस पार्टी छोड़कर बीजेपी ज्वॉइन कर ली थी और फिर संसद की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद बीजेपी ने इसी साल अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में प्रद्युत बोरदोलोई को दिसपुर विधानसभा सीट से टिकट दिया और उन्होंने जीत दर्ज की। बोरदोलोई का इस्तीफा कांग्रेस पार्टी को इस साल का दूसरा बड़ा झटका था। इसी साल पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेन बोरा ने इस्तीफा दिया था।

कांग्रेस और AIUDF का नहीं हुआ गठबंधन

असम में नागांव लोकसभा उपचुनाव को लेकर इस बात की चर्चा बहुत जोरशोर से थी कि कांग्रेस और AIUDF साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी, लेकिन पिछले सप्ताह ही बदरुद्दीन अजमल ने कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव ठुकराते हुए रेजाउल करीम सरकार को अपनी पार्टी का उम्मीदवार घोषित कर दिया जिसके बाद यह लगभग साफ हो गया कि इस उपचुनाव में कांग्रेस और AIUDF अलग-अलग चुनाव लड़ेगी।

यह भी पढ़ें: ‘बागी सांसदों के खिलाफ लोकसभा स्पीकर की ओर से हो रही देरी’, अभिषेक बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट से लगाई गुहार

पश्चिम बंगाल के टीएमसी महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट की ओर रूख किया है। उन्होंने यह याचिका टीएमसी के बागी सांसदों से जुड़ी अयोग्यता याचिकाओं पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की ओर से हो रही देरी के खिलाफ दायर की है। यहां पढ़ें पूरी खबर…