भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रीतम लोधी विवादों में घिर गए हैं। उनका एक वीडियो सामने आया है, इसमें वह कथित तौर पर अपने बेटे के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर एक पुलिस अधिकारी को धमकी देते हुए नजर आ रहे हैं। बीजेपी विधायक के बेटे पर पिछले हफ्ते थार कार चलाते समय पांच लोगों को घायल करने का आरोप है।
वीडियो में लोधी कथित तौर पर अपने बेटे दिनेश लोधी के खिलाफ पुलिस जांच पर गुस्से से प्रतिक्रिया देते हुए और करेरा के एसडीओपी आयुष जाखड़ को निशाना बनाते हुए दिखाई दे रहे हैं। विधायक कथित तौर पर कहते हैं, “करेरा के एसडीओपी ने जो कहा है, वह मुझे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं है। उन्होंने मेरे बेटे को चेतावनी दी है कि वह दोबारा यहां न दिखे। मैं एसडीओपी से पूछना चाहता हूं, क्या करेरा आपके पिता की संपत्ति है? आम तौर पर मैं ऐसा नहीं कहता, लेकिन अब मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं। मेरा बेटा करेरा लौटेगा और चुनाव लड़ेगा। अगर आपके पिता में हिम्मत है, तो उसे रोकने की कोशिश करके देखें।”
हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे- विधायक लोधी
विधायक लोधी ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा, “मैं एसडीओपी को भी याद दिलाना चाहता हूं कि वे हमारे इतिहास पर एक नजर डालें। यदि आप हम पर झूठे आरोप लगाते हैं, अनुचित दबाव डालते हैं या पक्षपातपूर्ण जांच करते हैं, तो हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे और आपको मुंहतोड़ जवाब देंगे। मैं ऐसे अधिकारियों से कहना चाहता हूं, अपनी लिमिट में रहें; अपने अधिकार क्षेत्र में रहें।”
अदालत के निर्देश पर पुलिस द्वारा दिनेश लोधी को करेरा पुलिस स्टेशन में तलब किए जाने के बाद ये टिप्पणियां सामने आईं। अधिकारियों ने उनसे 16 अप्रैल की दुर्घटना के बारे में पूछताछ की और एसयूवी में सायरन लगे होने और खिड़कियों पर अवैध रूप से ब्लैक फिल्म लगी पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि उनका ड्राइविंग लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया है।
विधायक के आरोपों का जवाब देते हुए एसडीओपी आयुष जाखड़ ने कहा कि पुलिस ने पूरी तरह से प्रक्रिया का पालन किया। उन्होंने कहा, “केवल नियमित पूछताछ की गई। ब्लैक फिल्म, सायरन और लाइसेंस के संबंध में नियमों के अनुसार कार्रवाई की गई।”
दिनेश लोधी की थार ने पांच लोगों को मारी टक्कर
बता दें कि यह पूरा विवाद 16 अप्रैल को शिवपुरी के करेरा में हुई सड़क दुर्घना के बाद सामने आया है। दिनेश लोधी ने कथित तौर पर एक महिंद्रा थार से पांच लोगों को टक्कर मार दी थी। शिकायतकर्ता संजय परिहार द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, वाहन ने पहले पैदल यात्रियों को टक्कर मारी और फिर मोटरसाइकिल को। घायलों ने दिनेश लोधी को चालक के रूप में पहचाना और बताया कि एसयूवी पर विधायक से जुड़े साइन लगे हुए थे।
सतना में कैसे हुआ 5 बच्चों को एचआईवी?
मध्य प्रदेश के सतना वल्लभभाई पटेल जिला अस्पताल में जांच में पाया गया कि यहां रक्त एक्सपायर हो चुके और रक्तदाता का अता-पता ही नहीं और रिकॉर्ड रखने में घोर लापरवाही है। यहां थैलेसीमिया से पीड़ित पांच बच्चों को रक्त चढ़ाया गया था, जो बाद में एचआईवी पॉजिटिव पाए गए। पढ़ें पूरी खबर…
