मुंबईः शाहदाब बटाटा अरेस्ट, ड्रग्स सप्लायर फारूख का है बेटा, जो कभी बेचा करता था आलू
शाहदाब के पास से भारी मात्रा में MD ड्रग्स मिली हैं। इसकी बाजार में कीमत 2 करोड़ रुपये है। आज उसको एनडीपीएस कोर्ट में पेश किया जाएगा। वह ड्रग्स के धंधे से काफी समय से जुड़ा हुआ था। बटाटा गैंग मुंबई के सेलेब्रिटीज को ड्रग्स सप्लाई करता था।

NCB (नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो) ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई के एक बड़े ड्रग सप्लायर फारूख बटाटा के बेटे शाहदाब को गिरफ्तार किया है। देर रात मुंबई में तीन जगहों लोखंडवाला, वर्सोवा और मीरा रोड पर NCB की रेड हुई थी। शाहदाब के पास से 2 करोड़ मूल्य की ड्रग्स भी बरामद हुई है। कभी आलू बेचने वाला फारूख आज मुंबई का सबसे बड़ा ड्रग्स रैकेट चलाता है।
NCB के मुताबिक, बीती रात तीन जगहों पर छापेमारी कर शाहदाब को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से भारी मात्रा में MD ड्रग्स मिली है। इसकी बाजार में कीमत 2 करोड़ रुपये है। आज उसको एनडीपीएस कोर्ट में पेश किया जाएगा। एजेंसी का कहना है कि शाहदाब बटाटा ड्रग्स के धंधे से काफी समय से जुड़ा हुआ था और मुंबई के सेलेब्रिटीज को ड्रग्स सप्लाई करने का काम करता था। NCB उसके कनेक्शन को भी खंगाल रही है।
एजेंसी का कहना है कि मुंबई में एमडीएमए के अलावा विदेशों से आने वाली ड्रग जैसे एलएसडी, गांजा, बड, कोकीन का सबसे बड़ा सप्लायर फारूख ही है। उसके बेटे की गिरफ्तारी एक बड़ी कामयाबी मनी जा रही है। एजेंसी का कहना है कि मुंबई की हर बड़ी ड्रग्स पार्टीज में वह ड्रग्स सप्लाई करता है। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ड्रग्स एंगल केस में भी इसका नाम सामने आया था।
Mumbai: NCB arrested Shadab Batata, son of drugs supplier Farooq Batata last night. NCB conducted raids in Lokhandwala, Versova and Mira Road areas during which drugs worth approx Rs 2 crores were seized
— ANI (@ANI) March 26, 2021
सूत्रों का कहना है कि मुंबई में ड्रग्स सिंडिकेट का बड़ा नाम फारूख बटाटा है। वह पहले आलू बेचता था। आलू को मराठी में बटाटा कहते हैं। जिसके चलते उसका नाम फारूख बटाटा पड़ा। बताते हैं कि उसे बेशुमार दौलत कमाने की चाह शुरू से थी। शार्टकट से अमीर बनने की चाहत में फारूख ड्रग्स के धंधे में आ गया। शुरू में वह छोटे लेवल पर ऑपरेट करता था। लेकिन जैसे जैसे कद और कारोबार बढ़ा वह मुंबई के अंडरवर्ल्ड के संपर्क में आया। फिर उसके बड़ा नाम बनने की कहानी शुरू हुआ।
बड़ा बनने की चाह और अंडरवल्र्ड से कनेक्शन के चलते फारूख थोड़े अर्से में ही ड्रग्स की काली दुनिया का बेताज बादशाह बन गया। उसके कनेक्शन में मायानगरी के कुछ बड़े नाम भी आए। फारूख बटाटा को मुंबई का बड़ा ड्रग्स सप्लायर माना जाता है। वह अक्सर हाई प्रोफाइल लोगों से मिलता रहता है। सुशांत मामले में जब उसका नाम सामने आया तब एनसीबी को पता चला कि कुछ बड़े लोगों से उसके तार किस कदर जुड़े थे। उसके दोनों बेटे भी ड्रग्स के धंधे में बराबर उसके भागीदार हैं।
सूत्रों का कहना है कि फारूख और उसके दोनों बेटे शाहदाब और सैफ काफी रंगीन मिजाज भी हैं। वह खुद अक्सर रंगीन पार्टियों में शरीक देखा गया। बटाटा की पार्टी में न सिर्फ लड़कियां शामिल होती हैं, बल्कि यहां धड़ल्ले से ड्रग्स का भी इस्तेमाल होता है। इस दौरान वह मौज मस्ती के साथ बेशुमार दौलत लड़कियों पर लुटाता था। पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियों से बचने के लिए वह अपना ठिकाना अक्सर बदलता रहता है।
रंगीन मिजाजी में उसके दोनों बेटे उससे किसी तरह से कम नहीं हैं। बेशक एक समय में परिवार का कारोबार आलू बेचना रहा था, लेकिन आज दोनों बेटों के साथ फारूख सोने के आभूषणों से लदा रहता है। सोने को लेकर तीनों बाप-बेटों की दीवानगी मुंबई के हाई प्रोफाइल सिंडिकेट में चर्चा का विषय बनती रहती है। कभी गुरबत में दिन गुजारने वाले तीनों बटाटा अब शानो शौकत की नुमाइश करने में कोई कसर बाकी नहीं रखते हैं। तीनों महंगी कारों के साथ अनूठे लाइफ स्टाइल के शौकीन बताए जाते हैं।
एनसीबी का कहना है कि शाहदाब की गिरफ्तारी से उसके इंटरनेशनल लिंक का पता भी चलेगा। माना जाता है कि मुंबई की गलियों में ड्रग्स बनाने के साथ बटाटा बाहर से भी ड्रग्स की तस्करी करता था। लेकिन उसका नेटवर्क क्या था, इसके बारे में एजेंसी को थोड़ी बहुत ही जानकारी है। फिलहाल शाहदाब की अरेस्ट को एनसीबी बहुत बड़ी सफलता के तौर पर ले रही है।