समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल की ओर से मंगलवार को जारी एक बुलेटिन में कहा गया कि उन्हें CCU से ICU में शिफ्ट कर दिया गया है। अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ संजीव गुप्ता ने एक बयान में कहा कि मुलायम सिंह यादव जी अभी भी गंभीर हैं और मेदांता अस्पताल, की क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में भर्ती हैं और विशेषज्ञों की एक व्यापक टीम द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है।
रविवार को जब मुलायम सिंह यादव को आईसीयू में शिफ्ट किया गया था तो समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर बताया था, ”आदरणीय नेता जी आईसीयू में भर्ती हैं। उनकी हालत स्थिर है। आप सभी से विनम्र निवेदन है कि कृपया अस्पताल न आएं। आप सभी को समय-समय पर उनके स्वास्थ्य की जानकारी दी जाएगी।”
पार्टी के एक पदाधिकारी ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया था कि मुलायम सिंह यादव (82) को अगस्त के अंतिम सप्ताह में अस्पताल में भर्ती कराया गया था और पिछले कुछ हफ्तों से उनका इलाज चल रहा था। पदाधिकारी ने बताया था, “कुछ महीने पहले भी उन्हें चेक-अप के लिए अस्पताल लाया गया था और उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। रविवार को उनकी स्थिति बिगड़ गई और उन्हें इलाज के लिए आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया।”
बता दें कि सोमवार को केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने मेदांता अस्पताल में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की थी और उनसे मुलायम सिंह यादव की तबीयत के बारे में जानकारी ली थी। 2022 विधानसभा चुनाव में एसपी सिंह बघेल ने अखिलेश यादव के खिलाफ चुनाव लड़ा था। इसके बाद कांग्रेस नेता राज बब्बर भी मेदांता अस्पताल पहुंचे और उन्होंने भी उनके स्वास्थ की जानकारी ली। सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी मेदांता पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली है।
मुलायम सिंह यादव के लिए देशभर में सपा कार्यकर्ता दुआ कर रहे हैं। यूपी में कई जगहों पर सपा कार्यकर्ताओं ने हवन-पूजन किया और उनकी लम्बी आयु के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। कई मुस्लिम महिलाओं ने भी मुलायम सिंह यादव के लिए विशेष नमाज अदा दी।