बिहार के राजनीति में एक बड़ी घटना सामने आ रही है। बांकीपुर उपचुनाव से पहले लालू यादव की राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को बड़ा झटका लगा है। आरजेडी के लंबे समय से वफादार नेता मृत्युंजय तिवारी ने अचानक इस्तीफा दे दिया है।
मृत्युंजय तिवारी ने आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल से मिलकर पार्टी के प्रवक्ता समेत सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि यह इस्तीफा क्यों दिया गया, अभी इसे लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। इस बीच औरंगाबाद से आरजेडी सांसद अभय कुशवाहा के भी भाजपा के संपर्क में होने की चर्चा ने राज्य की राजनीति का पारा बढ़ा दिया है।
लंबे समय से चल रहे थे नाराज
दरअसल मृत्युंजय तिवारी पिछले कुछ समय से RJD में अपनी भूमिका और संगठन में मिल रहे अहमियत को लेकर नाराज चल रहे थे। बार-बार वह अपनी शिकायत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से कर रहे थे लेकिन किसी ने उनकी बातों को तवज्जो नहीं दी। इस कारण उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया। उनके इस इस्तीफे को आरजेडी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि वे लंबे समय से राज्य में पार्टी का प्रमुख चेहरा रहे हैं।
मृत्युंजय तिवारी ने बताया क्यों दिया इस्तीफा
वीडियो में मृत्युंजय तिवारी ने कहा, “आज मैंने राष्ट्रीय जनता दल के सभी पदों से त्यागपत्र दे दिया है। आज पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजदूगी में हमने स्पष्ट रूप से कहा कि अब मेरे जैसे समर्पित निष्ठावान कार्यकर्ता के लिए इस पार्टी में कोई सम्मान नहीं है।”
तेजस्वी यादव ने नहीं लिया शिकायत का संज्ञान
मृत्युंजय तिवारी ने कहा, “बार-बार कहने के बाद किसी भी वरिष्ठ नेता ने मेरे मामले का संज्ञान नहीं लिया। मैंने कई बार नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सामने भी अपनी शिकायतें रखीं, लेकिन वह भी संज्ञान में नहीं लिए तो मेरे जैसे कार्यकर्ता को पार्टी में रहने का कोई औचित्य नहीं बनता था क्योंकि अपमानित होकर कोई राजनीति नहीं कर सकता है।”
आगे उन्होंने कहा, “हमने बुरे दिनों में पार्टी का साथ दिया और राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव ने वर्ष 2014 में प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी थी, जिसे हमने बखूबी से निभाया और आरजेडी की नीतियों को आगे बढ़ाया। लेकिन इस पार्टी में कुछ ऐसे लोग हैं जिन्होंने पार्टी को दीमक की तरह चाट डाला है, बर्बाद कर दिया है। ऐसे लोगों से तेजस्वी जी घिरे हुए हैं, ऐसे में मेरे जैसे लोगों का पार्टी में रहना सही नहीं है।”
यह भी पढ़ें: ‘केसी सिन्हा तो सिर्फ झांकी है, जमानत…’, पटना में टोपी और गमछा के साथ लगा प्रशांत किशोर का पोस्टर
बिहार के बांकीपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राज्य की सियासत गरम है। बुधवार को केसी सिन्हा समेत चार नेताओं के जनसुराज छोड़ने के एक दिन बाद आज यानी गुरुवार को राजधानी पटना में प्रशांत किशोर का पोस्टर लगाया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
