Ram Mandir Donation Row: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला लगातार नए खुलासों के साथ चर्चा में बना हुआ है। इसी बीच, जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत से राम मंदिर के मुद्दे को लेकर सवाल किया तो वे उससे बचते हुए नजर आए।
पत्रकार ने पूछा कि कुछ लोग भगवान श्री राम में आस्था को कमजोर कर रहे हैं तो इसका जवाब देते हुए आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने बस दो शब्द कहे और वो थे ‘राम-राम।’
आरएसएस ने जारी किया बयान
इससे पहले आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने जोर देकर कहा कि मौजूदा भ्रम और अनिश्चितता का अंत होना चाहिए। आरएसएस ने कहा, “अयोध्या के श्री रामलला मंदिर में दान पेटी में जमा धन की चोरी की दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने पूरे समाज और भगवान राम के लाखों भक्तों की भावनाओं और आस्था को गहरी चोट पहुंचाई है। हम सभी इस घटना से बेहद दुखी और व्यथित हैं।”
उनके बयान में कहा गया, “श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के आग्रह पर, उत्तर प्रदेश सरकार ने एक एसआईटी का गठन किया है और उसकी सिफारिशों के आधार पर कानूनी कार्यवाही शुरू की है। यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि जांच के दौरान दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को न्याय के कटघरे में लाया जाए और कानून के अनुसार उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।”
आरएसएस नेता ने कहा, “इस संबंध में, हम आशा करते हैं कि मंदिर प्रबंधन और सरकार द्वारा गठित एसआईटी द्वारा सभी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हमें विश्वास है कि सुदृढ़ वित्तीय प्रबंधन, कुशल प्रशासन, पारदर्शी और जवाबदेह प्रणालियों और पवित्रता, पावनता और गहन धार्मिक मूल्यों से परिपूर्ण वातावरण के माध्यम से श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट हिंदू समाज की आस्था और विश्वास को बनाए रखने और मजबूत करने का कार्य जारी रखेगा।”
एसआईटी ने ट्रस्ट के वरिष्ठ अधिकारियों से पूछताछ की
बता दें कि एसआईटी ने अपनी जांच तेज करते हुए अयोध्या की अपनी हालिया यात्रा के दौरान राय, मिश्रा और मंदिर के अधिकारी गोपाल राव से लगभग चार घंटे तक पूछताछ की। पुलिस ने राम मंदिर परिसर में दान राशि इकट्ठा करने और गिनने की प्रक्रिया की भी जांच की और परिसर से सीसीटीवी फुटेज जब्त की। बैंक कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांचकर्ताओं ने ट्रस्ट के वित्तीय रिकॉर्ड की जांच करने के लिए एक चार्टर्ड अकाउंटेंट को नियुक्त किया है।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी के नेता और बजरंग दल के संस्थापक विनय कटियार ने दावा किया कि चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा को इस मामले के संबंध में जेल भेजा जा सकता है। कटियार ने एएनआई से बातचीत में कहा, “यह स्पष्ट है कि पैसों का गबन हुआ है। मैंने इस मामले पर मोदी जी से बात की।” उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने उनसे पूछा था कि आगे क्या हो सकता है और उन्होंने उन्हें आश्वासन दिया था कि स्थिति का समाधान हो जाएगा।
यह भी पढे़ं: ‘RSS भेड़ की खाल में भेड़िया’, दत्तात्रेय होसबाले के बयान पर पवन खेड़ा बोले- इनके लिए राम का नाम दिखावा है
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले के बयान को लेकर संघ पर निशाना साधा है। साथ ही संघ को भेड़ की खाल में छिपा भेड़िया तक बता दिया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
