रोम पहुंचने पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से डिनर पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि यह मुलाकात बेहद सार्थक रही, जिसमें दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने और आपसी साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान कई वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया।

रात्रिभोज के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने रोम के ऐतिहासिक Colosseum का भी दौरा किया जिसे विश्व धरोहर और प्राचीन रोमन सभ्यता का प्रतीक माना जाता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि वह आज होने वाली वार्ताओं को लेकर उत्साहित हैं जिनमें भारत और इटली के बीच दोस्ती और सहयोग को और आगे बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।

भारत-इटली द्विपक्षीय संबंध की नई शुरुआत

भारतीय और इतालवी मीडिया के लिए संयुक्त रूप से लिखे गए एक लेख में दोनों नेताओं ने कहा कि ऐसे समय में, जब अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था गहरे बदलाव के दौर से गुजर रही है, भारत और इटली की साझेदारी उच्च राजनीतिक और संस्थागत स्तर पर नियमित संवाद से निर्देशित हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय अपनी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण के तहत इटली में हैं।

दोनों नेताओं ने कहा कि भारत-इटली द्विपक्षीय संबंध अब एक नए और उच्च स्तर पर पहुंच रहे हैं जो दोनों देशों की आर्थिक गतिशीलता, सामाजिक रचनात्मकता और हजारों सालों पुरानी सभ्यतागत विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा, ”भारत और इटली के संबंध अब एक निर्णायक चरण में पहुंच चुके हैं। हाल के वर्षों में हमारे रिश्तों ने अभूतपूर्व गति से विस्तार किया है और पारंपरिक मित्रता से आगे बढ़कर स्वतंत्रता, लोकतंत्र और भविष्य के साझा दृष्टिकोण पर आधारित विशेष रणनीतिक साझेदारी का रूप ले लिया है।”

दोनों नेताओं ने कहा कि भारत और इटली के बीच सहयोग इस समझ को दिखाता है कि 21वीं सदी की समृद्धि और सुरक्षा इस बात पर निर्भर करेगी कि देश इनोवेशन, ऊर्जा परिवर्तन और रणनीतिक संप्रभुता को कितना मजबूत बना पाते हैं। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा तथा विविध बनाने का संकल्प लिया है, ताकि नए लक्ष्यों को हासिल किया जा सके और एक-दूसरे की पूरक क्षमताओं का लाभ उठाया जा सके।

दोनों नेताओं ने कहा, ”हम इटली की डिजाइन क्षमता, विनिर्माण उत्कृष्टता और विश्वस्तरीय सुपरकंप्यूटर तकनीक- जो उसे एक औद्योगिक महाशक्ति बनाती है, उसे भारत की तेज आर्थिक वृद्धि, इंजीनियरिंग प्रतिभा, बड़े पैमाने की क्षमता, इनोवेशन और 100 से ज्यादा यूनिकॉर्न तथा दो लाख से अधिक स्टार्टअप वाले उद्यमशीलता ईकोसिस्टम के साथ जोड़कर एक मजबूत तालमेल स्थापित करना चाहते हैं।”

खास अंदाज में पीएम का स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में मंगलवार को इटली पहुंचे। यहां पीएम मोदी का स्वागत इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी मेलोनी ने एक खास अंदाज में सेल्फी लेकर किया। जॉर्जिया मेलोनी ने अपनी और नरेंद्र मोदी की एक तस्वीर ‘एक्स’ पर शेयर करते हुए पोस्ट में लिखा, “‘मेरे दोस्त रोम में आपका स्वागत है।” इस दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी की रोम में जॉर्जिया मेलोनी के अलावा इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मटारेला से बैठक होनी है।